आदमी तो कभी का मर गया


आदमी तो कभी का मर गया—

बस उसका छोड़ा हुआ खोल

अब भी चौखटों से टकराता फिरता है

भीड़ में चलता है

कोलाहल में चिल्लाता है

पर सांसों में अब मनुष्यत्व की लौ कहाँ बची है?


वह आदमी—

जो कभी दूसरों की पीड़ा को

अपने कंधों पर उठाकर चल लेता था

किसी अनजान के आँसुओं में

अपना प्रतिबिंब देख लेता था

जो मामूली-सी मुस्कान में

पूरे दिन की थकान भूल पाता था—

वह तो बहुत पहले चला गया।


अब घरों की दीवारें ऊँची हो गई हैं

कमरों में ताले ज्यादा हैं

मेज़ों पर रखा खाना

फ्रिज में बची रोटियों से ज्यादा ठंडा है

और रिश्तों की थाली मेंपरोसा हुआ स्नेह

किसी पुराने गीत की धुंधली पंक्ति-सा

धीरे-धीरे मिटता जाता है


परिवार अब

अपनों के लिए नहीं

बल्कि सुविधाओं के लिए गठित इकाई है—

जहाँ बातचीत की जगह

नोटिफिकेशन बोलते हैं

हँसी की जगह

रीलें पटकती रहती हैं

और प्यार के स्थान पर

“ऑनलाइन/ऑफ़लाइन” लिखा होता है


सड़कें भी अब आदमी से नहीं

उसकी जल्दबाज़ी से भरी हैं

ट्रैफिक सिग्नल पर हर चेहरा

घड़ी की सुइयों से बंधा कैदी है

कोई किसी की आँखों में देखने से डरता है

कि कहीं उसकी निजी दीवारें

ढह न जाएँ


राजनीति—

जो कभी समाज की दिशा थी

अब केवल भीड़ का उपयोग जानती है

असहमति को देशद्रोह की तरह पेश कर

तर्कों को

ट्रोलों की तलवार से काट दिया जाता है


इंसान अब वोट है

भावनाएँ “डाटा” हैं

और न्याय एक टलता हुआ वादा

धर्म—

जो कभी अंतर्मन को सहारा देता था

अब पहचान की दीवार बन गया है

भगवान को बाँटकर

आदमी ने खुद को ही छोटा कर लिया है


प्रार्थनाएँ अब मन की शांति नहीं

कैंपेन का हिस्सा हैं

मंदिर–मस्जिद–गिरजाघर

सब खड़े हैं

पर भीतर झुकने वाली विनम्रता—

कहीं खो गई

स्नेह करुणा विवेक—

ये तीनों ही तो

मनुष्य होने की जड़ें थीं

पर अब बिना जड़ों के

पेड़ खड़ा है

और हम हैरान हैं

कि इसकी शाखें सूख क्यों रही हैं


आदमी तो कभी का मर गया—

उस दिन

जब उसने सच्चाई से ज़्यादा

सुविधा को चुना

जब उसने सवाल पूछने से पहले

भीड़ का रुख देखना शुरू किया

जब उसने बच्चों को

खिलौने तो दिए

पर कहानियाँ सुनाना भूल गया

जब उसने हर निर्णय में

दिल की जगह

डर को स्थान दे दिया


फिर भी—

एक आशा कहीं मौन-सी पड़ी है

जैसे किसी दीमक खाई जर्जर अलमारी में

पुरानी लेकिन ज़रूरी चिट्ठियां

कभी-कभार

किसी माँ की थकी मुस्कान में

किसी बुज़ुर्ग के काँपते हाथों में

किसी बच्चे की बदली हुई कॉपी के पीछे

धुंधली-सी रोशनी टिमटिमाती है—

मानो कह रही हो

"आदमी मरा नहीं

बस सोया है


अगर चाहो…

तो उसको जगा दो।”

हो सकता है—

वह लौट आए

यदि हम अपने भीतर

थोड़ा-सा मनुष्य बचा लें

क्योंकि दुनिया तब तक जिंदा है

जब तक एक भी आदमी

असली अर्थों में

ज़िंदा रहना चुनता है।

0000

- तेजपाल सिंह 'तेज'