Women’s Day Poetry Competition 2025
-1-
सुकून के लिए
मुट्ठीभर आसमान के लिए
मैं
सुबह होने पर भी
रात की स्याही नहीं छोड़ पाती
नहीं ओढ़ पाती
धूप की चादर
मुझे भी चाँद अच्छा लगता है
अच्छे लगते हैं तारे
बरसात का पानी
कागज की नाव
मैं भी छूना चाहती हूँ आकाश
पर ये दुनिया
झिड़्क देती हौ मुझे
खड़ा कर देती है भय
मेरे सामने
पाप और पुण्य का
सत्ता और शून्य का
खड़े कर देती है
अनेक सवाल मान और सम्मान के
ये सवाल
खजुराहो की अतिरूपा के सामने
क्यों नहीं उठे
क्यों नहीं उठे मेनका से सामने
क्या यही है तुम्हारे
पाप-पुण्य की परिभाषा
परिभाषा मान - सम्मान की अब मैं भी
तुम्हारे पाप-पुण्य को जिऊंगी
बनाउंगी कागज़ की नाव
तोड़ूंगी आकाश से तारे
गूंगी-बहरी आस्थाएं
लंगड़ी-लूली मान्यताएं।
0000
-2-
एक समूचा मानव इतिहास
लड़की!
तू सदा चुप क्यों रहती है
बोलती क्यों नहीं
हँसती क्यों नहीं
क्यों नहीं थूकती
उस कोढ़ी संस्कृति पर
जिसने तेरी वेणी में
फूल गूंथकर
हाथों में चूडियां पहनाकर
महज भोग्या बना छोड़ा है तुझे
बना छोड़ा है अबला
उठ!
लौटा दे उसे उसकी चूड़ियाँ
नौंच दे वेणी में गुंथे फूल
तब
तू जान पाएगी
कि तू एक समूचा मानव इतिहास है
सर्वनाम नहीं...समास है।
0000
-3-
रणक्षेत्र
मेरी बेटी!
अब
तेरी देह रणक्षेत्र बन गयी है
हो सके तो इस देह को
सहेजकर रखना
सहेजकर रखना अपनी फ्रॉक
इस फ्रॉक में
तेरे बचपन की गंध बसी है
बसा है
माँ-बाप का प्यार
प्यार तो इन साड़ियों में भी
कम नहीं है
जो तेरी ससुराल से आई हैं
पर
फ्रॉक वाला प्यार
इन साड़ियों में कहाँ
इन साड़ियों में
तेरी देह की भूख भी छिपी है
छिपी है
रणक्षेत्र की गंध
गंध उन्माद की / प्रमाद की
फ्रॉक
इन सबसे
परे की चीज है
संवेदना में सनी है
फ्रॉक ममत्व का
भार ढोती है
रणक्षेत्र
से बची है
प्रमाद की गंध से नहीं
अल्हड़पन से सनी है
मेरी बेटी! इस अन्तर को समझना
यथा- योग्य आचरण करना
फ्रॉक को मत भूल जाना।
0000
-4-
गीतिका
नन्ही बिटिया सोच रही है खड़ी ठूंठ के नीचे,
कोई तो निश्छल हाथों से वन-उपवन को सींचे।
प्रदूषण इस तौर बढ़ा है बस्ती क्या जंगल तक में,
खुली हवा की माँग करें हैं खुशबूदार बगीचे।
धुआँ-धुआँ घर-आँगन, कैसे घर जाऊँ, इठलाऊँ,
गली-गली है कीचड़ गारा, संसद बीच गलीचे।
चित्र एक भी हुआ न पूरा राजनीति के रंगों से,
नारों में यूँ खुशहाली के चित्र बहुत हैं खींचे।
गंगा-यमुना 'तेज' उदासी, सागर हुआ विनाशक,
अच्छा हो मानव से मानवमिल-जुल प्रेम उलीचे।
0000
-5-
गीतिका
लिखने लगी कहानी बिटिया रानी रे,
लगता है अब बिटिया हुई सयानी रे।
सावन - मासे मेघों से बतियावे है,
पायल की छमछम संग बरसे पानी रे।
अलकों में नित चाँद-सितारे गूँथे हैं,
कि पूछे है दर्पन से तन के मानी रे।
साँसें उसकी अब मधु की मोहताज कहाँ,
हां! कल की चिंता में है बेकल नानी रे।
‘’’तेज’ तू होता तो पल-भर बतिया लेती,
दुख अपने अब कासे करूँ बयानी रे।
0000
-6-
गीतिका
बिटिया जब ससुराल चली,
बचपन का सच भूल चली।
आने वाले कल की खातिर,
कल पे पानी डाल चली।
अपने ही हाथों से अपने,
घर का आँगन कील चली।
युद्ध क्षेत्र की जानिब इकली,
गह शृंगारी ढाल चली।
'तेज' अकेला रहा सुबकता,
बिटिया जब ससुराल चली।
0000
-7-
गीतिका
धरके कूल्हे पे गगरिया साहिब,
घर से निकली है गुजरिया साहिब।
जुल्फ समझीं ना हवा की साजिश,
सिर से खिसकी है चुनरिया साहिब।
जो भी देखे है, ठिठक जाए है,
ऐसे लचके है कमरिया साहिब।
पाँव धरती से नहीं बाबस्ता,
ऐसे बहकी है उमरिया साहिब।
बाहर निकला है ‘तेज’ कपड़ों से,
ऐसे निखरी है उमरिया साहिब।
0000
-8-
गीतिका
तू चंदा-सी उज्ज्वल घनी धवल है,
तू गंगा-सी गतिमय सहज-सरल है।
तू मेरे उपवन की केसर-क्यारी,
तू मेरी आँखों का नीलकमल है।
तू मेरे आँगन की चपल चाँदनी,
तू मेरे अधरों का गीत नवल है।
तू मेरे अंतर की अमृत-धारा,
नेहयुक्त तू निर्मल, सहज-सरल है।
तू मेरे हृदय की ‘तेज’ तमन्ना,
तू मेरे जीवन की सहज ग़ज़ल है।
0000
-9-
गीतिका
काहे इतना सँवर रही हो.
फूलों जैसी निखर रही हो।
बस्ती-बस्ती, आँगन-आँगन,
धूप-सरीखी बिखर रही हो।
खुशबू बन साँसों के जरिए,
सबके दिल में उतर रही हो।
देख आईना सहमी-सहमी,
काहे आँचल कुतर रही हो।
कविता हो तुम ‘तेज’ के मन की,
गीत, ग़ज़ल की बहर रही हो।
0000
-10
गीतिका
वो आई भी, सकुचाई भी,
कुछ मिलने से कतराई भी।
लगता है डसती है उसको,
अब भीड़-भरी तन्हाई भी।
नए दौर ने छीन ली जैसे,
तरुणाई भी, अंगनाई भी।
आँख चुरा के हौले-हौले,
वो शर्माई भी, इठलाई भी।
कुछ भी कहो जिंदगी यारा,
है रुतवा भी, रुसवाई भी।
0000
-11-
गीतिका
वसंत की मस्ती है नगाड़ों की धनक तू,
सूरज का तेज ताप औ' चंदा की चमक तू।
नेह-युक्त देह है जैसे कि अमलतास,
कचनार की कच्ची कली टेसू की दमक तू।
सरसों का पीत रंग तू भँवरों का गीत तू,
है कोकिला की कूक मयूरी की ठुमक तू।
यौवन की तेज़ धूप तू पीपल की छाँव तू,
रात की स्याही है उजालों की रमक तू।
तू धरती तू मेरे दंभ की, अस्तित्व का अंबर,
चौखट पे 'तेज' गंधमय फूलोंसी धमक तू।
0000
- तेजपाल सिंह 'तेज'
