संंस्मरण



आपने हमारी जाति क्यों नहीं पूछी?


शायद सन १९८० की बात है। जब मैं अपने नियोक्ता स्टेट बैंक आफ इंडिया के केंद्रीय आँडिट विभाग में कार्यरत था और सतना के नजदीकी कस्बे की एक शाखा का निरीक्षण चल रहा था। एक दिन शाखा प्रबंधक मुझे अपने घर ले गए। घर शाखा के करीब ही था।  शायद उनका शाखा के अधिकारियों घर पर भोजन कराने का कार्यक्रम बना रखा था। खाने की मेज पर तरतीब बार नियत संख्या में बर्तन रखे हुए थे। शाखा प्रबंधक ने मुझे इशारे से बताया कि आप साहेब को बता देना कि इस (अमुक) कुर्सी पर न बैठें। इतना सुनकर मेरा सिर चकरा गया और फिर मैंने इसका कारण पूछ ही लिया। डाइनिंग रूम में हम दोनों के अलावा और कोई नहीं था, फिर भी बी. एम. महोदय मेरे कान से मुँह सटाकर धीरे से बोले, ‘सिंह साहब बात तो कुछ भी नहीं है किंतु मेरी माँ परम्परावादी और कट्टरजातिवादी है। आप नहीं जानते कि हमारे अकाउंटेंट भंगी जाति से हैं, माँ उनको सबके साथ खाना खाने पर आफत काटे हुए है। मैंने बड़े मुश्किल से मनाया है कि अकाउंटेंट जिन बर्तनों में खाना खाएंगे, उन्हें अलग रख देंगे। अब इस बात को अपने तक ही सिमित रखना....। इस बातचीत के बाद हम दोनों बैंक वापिस आ गए। बी. एम. साहेब अपने केबिन में चले गए और मैं अपने बोस श्री पी. डी. शर्मा जी के पास।  .......मैं कुछ देर खड़ा ही रहा किंतु शर्मा जी ने टोका ....कब तक खड़ा रहेगा....बैठ जा न। उनके कहने पर बैठ तो गया किंतु दिमाग में एक तूफान सा आया हुआ था। शर्मा जी फिर कह उठे...अरे! बोल न बात क्या है? मैंने सारी बात शर्मा जी को बतला दी।.... और यह भी कह दिया कि मैं बी. एम. के यहाँ खाने पर नहीं जाऊँगा। .... शर्मा जी भी कुछ चौंके और बोले क्या तुझे उस कुर्सी का पता है जो अकाउंटेंट के लिए नियत की गई है? मैंने हाँ में कहा, जी पता है। इतना सुनते ही शर्मा जी अपनी सीट से उठे और मुझे बाहों में भरके बोले ....तो हो गया समस्या का हल.... बेकार परेशान हो रहा है।     ...अब ध्यान से सुन, ‘तुझे सबसे आगे रहकर खाने की मेज पर उसी सीट पर बैठ जाना  है जो अकाउंटेंट के लिए नियत की गई है। .....ठीक है! फिर मैं तुझे उस सीट उठाकर उस सीट पर बैठ जाऊँगा। ...हो गया न समस्या का समाधान..... अब सामान्य  हो जा।.....मैंने हाँ में हाँ तो मिला दी किंतु मन में कुछ् न कुछ संशय इसलिए बना रहा कि कहीं मेरे बोस शर्मा जी की बात में भी कहीं कूटनीति तो नहीं? अकाउंटेंट के लिए नियत कुर्सी पर मुझे बैठने की बात कहीं दोहरी तो नहीं क्योंकि शरमा जी को तो अच्छी तरह मालूम था कि तेजपाल सिंह (यानि कि ‘मैं’) भी तो अनुसूचित जाति से ही है। । मेरे उस सीट पर बैठ जाने के बाद यदि किसी दूसरी कुर्सी पर बैठ गए तो जाने-अंजाने वे बी.एम. की बात का ही समर्थन न करदें। किंतु ऐसा हुआ नहीं...।

       मैं अकाउंटेंट के लिए नियत कुर्सी पर बैठ गया किंतु बी. एम. महोदय मुझे उस कुर्सी पर से उठने का ईशारा करते रहे किन्तु मेरे बोस शर्मा जी ने मुझे उस कुर्सी से उठाया और खुद बैठ गए। यह देखकर आयोजन कर्ता शाखा प्रबन्धक अपना सा मुँह लेकर रह गए। और अंदर ही अंदर मेरी ओर देखकर जैसे परेशान हो रहे हों। भोजनोपरांत जब सब शाखा में आ गए तो मेरे बोस ने बी. एम. को अपने केबिन में बुलाया और उनसे बोले कि जब हम आपकी शाखा में आए थे तो आपने हमारी जाति क्यों नहीं पूछी? मेरे नाम में तो “शर्मा” लगा है पर मेरे सहायक के नाम के साथ अनुसूचित जाति का न होने का कौन सा तमगा लगा था? क्या हमने आपकी और आपके स्टाफ से किसी की जाति पूछी थी? क्या हमने आपसे भोजन का निवेदन किया था? अब शाखा प्रबंधक मन ही मन इतने शर्मिंदा हुए कि इतना सुन कर शाखा प्रबंधक शर्म के मारे चुपचाप बिना कुछ कहे अपने केबिन में चले गए।....शाखा प्रबंधक महोदय ने मेरे बोस को शाखा बंद होने के बाद अपने घर पर पुन: आमंत्रित किया किंतु मेरे बोस पी.डी. शर्मा ने उनके इस निमंत्रण को सिरे से ठुकरा दिया।0000




नही तो मेरा नाम सुनते ही......


Ø लगभग 1987-88 की बात होगी। सयोगवश एक सहायक महाप्रबंधंक श्री बत्रा जी का  L.F.C. का एक बिल मेरे पास भुगतान के लिए आया था। उल्लेखनीय है कि मैं लगभग 13 वर्ष निरन्तर स्टेट बैंक आफ इंडिया, दिल्ली आँचलिक कार्यालय दिल्ली के ऑफिस एडमिनिस्ट्रेशन अनुभाग में रहा था। यह भी कि उन दिनों LFC के बिलों पर एक नियत राशी से ऊपर की राशि पर आयकर काटने का सरकारी आदेश आ चुका था। इस प्रावधान के तहत मैंने बत्रा जी के बिल की राशि में से आयकर काटकर उन्हें बता भी दिया था। बत्रा जी ने मुझसे तो कुछ नही कहा किन्तु बत्रा जी ने मेरे अनुभागाध्यक्ष श्री पी.के. पाठक से कहा कि टी पी से कहो कि मेरे LFC के बिल से आयकर न काटे। मेरे इंचार्ज ने मुझसे इस बाबत बात की। किन्तु मैंने अपने स्तर से ऐसा न करने को अपने अनुभागाध्यक्ष से यह कह दिया कि सर बिल तो आपने ही पास करना है मैं बिल की देय राशि की गणना करके आपके पास भेज देता हूँ, आप बिल को पास करते समय आयकर के रूप में काटी गई राशि को अपने स्तर से न काटकर बिल का भुगतान कर देना किन्तु अपने स्तर पर मैं ऐसा नहीं कर पाऊँगा। ....मेरे अनुभागाध्यक्ष ने धीरे से मुझसे कहा-- यार समझा कर बत्रा जी एक तेज-तर्रार AGM हैं.. कर दे न। कुछ देर बाद ही मैंने बत्रा जी के बिल से आयकर काटकर अपने अनुभागाध्यक्ष के पास भुगतान हेतु पास करने के लिए भेज दिया। उन्होंने मुझे बुलाया और बोले, यार मैने बिल को तो ज्यों का त्यों पास कर दिया है। पर ये AGM बहुत खतरनाक है, मौका मिलते ही डंक मार देगा।....उनकी बातें सुनकर मैं तनावग्रस्त अपनी सीट पर आकर बैठ गया। इस घटना के बाद मेरी और बत्रा साहब के अनेक बार दुआ-सलाम हुई किंतु उन्होंने हमेशा मेरी नमस्ते का हँसकर ही जवाब दिया।

       बिल वाली घटना को गुजारे हुए कई महीने हो गए। बिल की बात भी आई-गई हो गई। एक दिन बत्रा जी ने मुझे अपने केबिन में बुलाया किंतु यह खबर पाकर मेरे मन में कुछ कुछ डर का माहौल पैदा होने लगा क्योंकि उनका कोई भी काम मेरी डेस्क पर बाकी नहीं था। खैर! मैं बत्रा जी के केबिन में पहुंच गया। बत्रा जी खड़े हुए थे। मुझे पहुंचते ही मुस्कराते हुए बोले – बैठो! किंतु मैं नहीं बैठा । ‌मैंने कहा, सर आप खड़े हैं तो मैं कैसे बैठ जाऊं। तब वह कुर्सी पर बैठ गए। मुझसे कहा अब तो बैठ जाओ। अब मैं बैठ गया लेकिन मन में अभी भी कुछ-कुछ डर भरा हुआ था। बत्रा जी अपनी कुर्सी से उठे और अपनी अलमारी खोली... उसमें से एक बहुत अच्छा पैन-सेट निकाला और मेरी ओर बढ़ा दिया। मैंने उसे ले लिया फिर वह बोले अब मेरा ट्रांसफर हैड ऑफिस हो गया है।कभी कोई काम पड़े तो बताने से मत झिझकना । उनके साथ काम करने वाले लोग बत्रा जी को फायरिंग मैन के रूप में जानते थे।एक दिन अचानक बोले कि मेरे मन में तुम्हारे प्रति कोई बात नहीं है। और जो तुम्हारे मन में मेरे प्रति भावना बनी हुई है उसे निकाल दो। मेरे दिमाग में आपकी छवि एक कर्मठ और ईमानदार अधिकारी के रूप मे उसी दिन बन गई थी जब आपने बिना किसी झिझक मेरी बात को सीधे नकार दिया था अन्यथा बहुत से लोग तो मेरा नाम सुनते ही.....।0000



-तेजपाल सिंह ‘तेज’

लेखक/समीक्षक/ग़जलकार