प्यार की भाषा

 

प्यार की कोई भाषा नहीं होती,
वह शब्दों में नहीं रहता,
वह दिखता है —
रोज़मर्रा की छोटी-छोटी आदतों में,
उन कामों में
जिन्हें हम अक्सर सामान्य समझकर भूल जाते हैं।

हमारे मध्यमवर्गीय घरों में
प्रेम थोड़ा अलग होता है।
यहाँ
“मैं तुमसे प्यार करता हूँ”
कम बोला जाता है,
और ज़्यादा जिया जाता है।

माँ रात को
बिना दरवाज़ा खटखटाए
धीरे से कमरे में आती है,
एक कप कॉफी रख जाती है —
जैसे उसमें चीनी नहीं,
अपना स्नेह घोल गई हो।
वह कुछ कहती नहीं,
पर उस भाप में
उसकी थकान भी होती है
और मेरा ख्याल भी।

पिता का प्यार
अक्सर गुस्से की शक्ल में आता है —
“हेलमेट क्यों नहीं पहनते?”
“जल्दी घर आ जाना।”
“धीरे गाड़ी चलाना।”
हम सोचते हैं — डाँट है,
पर सच तो यह है
कि चिंता का दूसरा नाम ही प्रेम है।

ठंडी रातों में
किसी का चुपचाप
कंबल ठीक कर देना,
बिना आवाज़ किए
नींद की रखवाली करना —
यही तो है प्यार।

मेरे पिता का प्यार
उस पुराने बटुए जैसा है
जो बाहर से घिसा हुआ लगता है,
पर भीतर
पूरे घर की जिम्मेदारियाँ,
कुछ मुड़ी हुई रसीदें,
और बच्चों की पुरानी तस्वीरें सँभाले रहता है।

हमारे घरों में
प्यार लूडो और कैरम में भी छिपा होता है —
जहाँ माता-पिता
जानबूझकर हार जाते हैं,
ताकि बच्चों की जीत
थोड़ी बड़ी लग सके।

कभी-कभी
जो मुस्कान खो जाती है,
वही प्रेम बन जाती है।
अपने हिस्से की इच्छाएँ छोड़ देना,
दूसरों की खुशी में
चुपचाप शामिल हो जाना —
यह भी प्रेम है।

परीक्षा की सुबह
दही और चीनी की जल्दी,
बालकनी में खड़ा इंतज़ार,
जेब में रखे कुछ पैसे
ताकि रास्ता आसान हो जाए —
इन सबमें
कोई घोषणा नहीं होती,
फिर भी प्रेम पूरा उपस्थित रहता है।

“मेरा पेट भरा है”
कहने के बाद भी
थोड़ा और परोस देना,
आम का अचार,
गोंद के लड्डू,
साल भर का स्नेह
एक डिब्बे में बंद करके दे देना —
हमारे घरों में
प्यार सचमुच डिब्बों में रखा होता है।

घर से निकलते समय
पीछे से आती आवाज़ —
“ध्यान से जाना…”
और फोन रखने के बाद
उस संदेश का इंतज़ार
जब तक नींद भी हार न मान ले —
प्यार कभी-कभी
सिर्फ इंतज़ार होता है।

फिर समय बदलता है,
और भूमिकाएँ भी।

अब तुम्हें
पिता का चश्मा साफ करना है,
उनकी दवाइयाँ समय पर याद दिलानी हैं।
अब तुम्हें
माँ की थकी हथेलियों पर
धीरे-धीरे तेल लगाना है,
और कहना है —
“कल सुबह जल्दी मत उठना।”

कभी उनका फॉर्म भर देना,
कभी फ़ोन के बटन फिर से सिखाना,
कभी बिना कुछ कहे
बस पास बैठ जाना —
क्योंकि प्यार
कभी खत्म नहीं होता,
वह बस जगह बदल लेता है।

हमारे पास
“आई लव यू” के
अपने-अपने विकल्प हैं —
“दवा ली?”
“खाना खाया?”
“घर कब आओगे?”

इन सवालों में
छुपा होता है
पूरा प्रेम।

सोफे के कोने में,
रसोई की शेल्फ पर,
रात के आख़िरी ख्यालों में,
और सुबह की पहली चिंता में —
प्यार हर जगह बिखरा है।

अगर यह सब पढ़कर
तुम्हें घर याद आए,
तो समझ लेना —
प्यार अभी भी वहीं है,
तुम्हारा इंतज़ार करता हुआ।

और शायद
आज ही
तुम भी किसी को
बिना “आई लव यू” कहे
प्यार जता दोगे।

0000

-तेजपाल सिंह 'तेज'