कब्रगाह के बाशिंदे


हमारे अंदर

एक जीता-जागता

मासूम मुंसिफ रहता है

जो खंडहर हो गई

इंसानी दुनिया के

सिसकते ‘सच’ को

बखूबी पहचानता है


मगर

मजबूर है वो

क्योंकि हम उसके

‘सच’ की हत्‍या कर

झूठ के बुत बनाते हैं

और इनमें ‘सच’ की

प्राण प्रतिष्ठा करते हैं


यह ‘सच’ भी

उतना ही झूठा है

जितनी झूठे

हमारी जिंदगी के रंग

इसकी हर सांस

हमारे हत्यारा होने के

जुर्म की शिनाख्त करती है


आज हम एक

अजीब-सी कब्रगाह के

बाशिंदे हो चले हैं और

जन्नत की तलाश में

चारों तरफ हाथ-पैर मारते हैं

फलतः पतन के

नित नए गर्त में धंसे जाते हैं।

---000---


ईश कुमार गंगानिया