जो हर मुश्किल में
वह व्यक्ति
अपना पूरा जीवन
रिश्तों की सीढ़ियाँ चढ़ते हुए
धीरे-धीरे
खुद से उतरता जाता है।
वह चाहता है—
एक अच्छा बेटा बनना,
जिसकी आवाज़ में
मां-बाप को भरोसे की गर्माहट मिले।
वह चाहता है—
एक अच्छा पति बनना,
जिसकी हथेलियों में
घर की दीवारों का सहारा बसता हो।
वह चाहता है—
एक अच्छा भाई बनना,
जो हर मुश्किल में
कंधा बनकर खड़ा रहे।
और फिर
एक अच्छा पिता बनने की जिद में
अपने सपनों की गठरी
चुपचाप किसी कोने में रख देता है।
वह हर रिश्ते में
अपना सब कुछ झोंक देता है—
समय, श्रम, मुस्कान, धैर्य…
यहाँ तक कि
अपनी इच्छाएँ भी।
लेकिन
अपने लिए
वह कभी कुछ नहीं मांगता।
उसकी थकावट
दिन के उजाले में भी
अक्सर अदृश्य रह जाती है,
और उसकी चुप्पी
रात के सन्नाटे में भी
किसी को सुनाई नहीं देती।
वह मुस्कुराता है—
बार-बार,
ताकि घर मुस्कुराता रहे,
ताकि आँगन में
उदासी का एक कण भी न टिके।
और इसी कोशिश में
धीरे-धीरे
वह खुद को
कहीं पीछे छोड़ आता है—
इतना पीछे
कि कभी-कभी
उसे खुद ही
अपना पता
याद नहीं रहता।
0000
तेजपाल सिंह 'तेज'
