घर-घर वनवास

-एक-

 

घर अब घर नहीं रहे

दीवारें चौखट बनकर

दरारों की भाषा बोलने लगी हैं

संयुक्तता का वह बरगद

जिसकी छाँव में

तीन पीढ़ियाँ एक साथ हँस लेती थीं

अब काटकर इसे गमलों में बाँट दिया गया है—

हर गमला अपनी-अपनी बालकनी में

धूप से अकेला जूझता है

 

माँ की रोटियों की खुशबू

अब चार थालियों तक सीमित नहीं

दो प्लेटों में सिकुड़ गई हैं—

और उनमें भी

कभी स्वाद का संग नहीं मिलता

पिता की डाँट अब नसीहत नहीं

बल्कि ‘इंटरफेयरेंस’ कहलाती है

भाई-बहन के झगड़े

अब वीडियो कॉल पर संकुचित

और शून्य में खोए हुए

सिर्फ इमोज़ी बनकर रह गए हैं

 

शयनकक्षों में स्लीप डायवर्स—

एक ही छत के नीचे

दो शरीर दो खिड़कियाँ

पर सपनों के दरवाज़े

अलग-अलग अंदर से बंद हो चुके हैं

तकिए में सिर नहीं

जैसे सन्नाटा दबा है

साथ-साथ सोना भी

अब एक तरह की तन्हाई है

 

आर्थिक तनाव की चाबुक

हर दिन रिश्तों की पीठ पर पड़ती है

और धार्मिक भेदभाव की आँधी

आँगन की तुलसी को भी

संदेह से भर देती है

एक आस्था दूसरे के लिए दीवार

एक उत्सव दूसरे के लिए शोर

क्या घर-घर में

अलाव की जगह ठंडी राख ही बचेगी?

 

लिविंग रूम के सोफ़े पर

टीवी चलता है—

पर कोई साथ नहीं देखता

एक चेहरा मोबाइल की स्क्रीन पर

दूसरा लैपटॉप की चमक में

तीसरा खिड़की से बाहर शून्य ताकता

कोई  किसी से सवाल तक नहीं करता

जवाब तो जाने कब के मर चुके हैं

 

ऐसा लगता है—

एक घर में कितने ही घर बिखरे हैं

हर कमरा जैसे निर्वासन की कोठरी

सब अपने ही घरों में

अनजान कैदी बने बैठे हैं

जहाँ प्रेम का दरवाज़ा

भीतर से बंद हो गया है

 

घर-घर वनवास—

यह किसी एक राम का वनवास नहीं

जहाँ लौटने की आशा थी

यह वनवास है भीतर का

जहाँ लौटने की राह

किसी को याद नहीं।

 

पर फिर भी—

कभी-कभी अचानक

किसी बच्चे की खिलखिलाहट

सारी दीवारों को हिला देगी

कभी दादी की कहानी

सुनने के बहाने

सब एक ही कमरे में बैठ जाएंगे

कभी रसोई से उठती खुशबू

सबको बुला लेगी

और थोड़ी देर के लिए

वनवास को वनवास मिल जाएगा

 

शायद समाधान बड़ा हो न हो —

पर एक कप चाय बाँटकर पीना

एक थाली में दो रोटियाँ रखना

सबके बीच एक दीपक जलाना—

यही वह बीज हैं

जो फिर से एक बरगद को जन्म देगा हैं

 

वनवास से लौटने की राह

दरअसल बाहर नहीं

हमारे भीतर ही है

बस एक-दूसरे की ओर

हाथ बढ़ाने की देर है।

0000