उस रात,

यशोधरा, 

बोधिसत्व का विचार 

अपने अंतस में ले आती,

फिर उस नवजात 

और उस के पिता को  

सोता हुआ छोड़,

अपनी राह को निकल जाती,

तो क्या होता ?


क्या ये समाज 

उसके विचारों को भी 

उतनी ही सहजता से लेता?

क्या ये समाज 

यशोधरा को भी 

महात्मा बुद्ध कहता?


या सीता सरीखी 

उसकी भी अग्नि परीक्षा लेते?

या अहिल्या के मानिंद 

उसको पत्थर का कर देते?

या उसको देते दुहाई 

उसके नन्हें बच्चे की?

शायद सबक बता देते उसको 

बेहद बुरे और अच्छे की?


कहते कि 

नारी की कोई 

अपनी भी एक रेखा है,

हम सबने 

रेखा पार करती 

सीता को देखा हैं।


या उसको सिखाते 

द्रौपदी जैसे

कैसे दांव पर लगना हैं,

और जब आन पर 

गाज गिरे तो 

आंसू बहाकर सिसकना हैं?


मानो उस स्त्री को 

ज्ञान का बोध हो जाता,

क्या हम में से कोई 

उस से ज्ञान लेने जाता?

या फिर हम 

उसको देखते ही 

गलियाते,

या फिर 

उसके ज्ञान को 

हम ब्रह्म ज्ञान बतलाते?


कितना कठिन होता

एक रात निकली स्त्री का 

अगली सुबह शुद्ध हो पाना, 

स्त्री होने से बेहद सरल हैं 

किसी का बुद्ध हो जाना 


~मयस्सर