स्त्री
मुँह अँधेरे जब उसकी उंगलियाँ सनी होती हैं आटे से,महक रही होती है घर की रसोई तरह तरह के खाने की खुशबु से।रसोई से निकल कर वो मसरूफ़ हो जाती है आशियाने को सँभालने में।साथ में अपने ऑफिस का काम भी वर्क फ्रॉम होम लेकर पूरी लगन से करती है,फिर भरी दोपहरी में बच्चों के आने की कोलाहल से उसके होंठो के कोने खिलकर एक चाँद बना लेते हैं।लाड़ से बच्चों को एक एक निवाला खिला कर जब कभी उसके लिए कुछ नहीं बचता वो तलाश लेती है कोई जुगाड़ की बस उसे भी भूखा ना रहना पड़े।सांझ हमसफ़र के आने के इंतज़ार में चुपके से आईने में देखकर खुद को थोड़ा सा संवार लेना उसकी आदत बन जाती है।पूरे दिन की थकान हमसफ़र के प्यार से गले लगा लेने पर ना जाने कैसे गायब हो जाती है।उसका माथे पर बोसा रख देना एक अलग ही सुकून दे जाता है।पूरा दिन कैसे निकला उसे कोई खबर ही नहीं रहती।आधी रात नींद खुलने पर जब उसे महसूस होता है, पैरो के नीचे लगा तकिया,साइड टेबल पर रखा हुआ पानी का जग,उसके खुले बालों से आती भीनी भीनी तेल की महक,उसके ठीक सामने ठंडी ठंडी हवा फेंकता कूलर और बेड से सटी हुई रखी उसकी गद्देदार चप्पल ये सब उसकी दिन भर की थकान को मिटाने के लिए एक छोटा सा तोहफा है उसके हमसफ़र और बच्चों की तरफ से।कुछ ज़्यादा तो नहीं मांगती ना,बस इतना सा ही तो चाहती है एक स्त्री।
