सीमित करके पखवाड़ों तक 
तुम हिंदी दिवस मनाते हो  
"हाय हो रहा पतन यहाँ "  
कहकर के  शोक  जताते हो 
क्यों रचना, कविता या निबंध
पढ़कर तू निष्ठावान बने 
क्यों इक दिन की औपचारिकता 
क्यों झूठा तू विद्वान बने
उन शेष वर्ष के दिनों का क्या 
जब लाज मुझ ही से आती है 
रेस्ट्रा, सिनेमा और ऑफिस में 
अंग्रेजी फूट के आती है
अभिमान नहीं कुछ मान तो कर 
भाषा का तेरी सम्मान तो कर
क्या योगदान मेरा भारत में 
इन बातों का उन्मान तो कर
दमके जो माँ के मस्तक पे 
वहीँ लाल सुर्ख मैं बिन्दी हूँ 
एक सूत्र में देश पिरोती 
सूत्रधार मैं हिंदी हूँ