' मुझे प्रिय है काला रंग '
काजल, बिंदी, कपड़े, आँखें, केश और लोग
सबका काला रंग बस इसलिए मेरे अस्तित्व का
है अभिन्न अंग !
क्योंकि काला रंग समाहित कर लेता है
स्वयं में प्रकाश को ,
प्रकाश जो दिखाता है रंगों और अस्तित्वों का भेद....
अन्य सभी वर्ण होते हैं सौभाग्य के प्रतीक,
और उनका न होना,
देता है दुर्भाग्य की आशंकाओं को जन्म !
किसी स्त्री के सौंदर्य की परिभाषा में
बाधक होती है रंगों की विविधता ;
और कभी तो सम्पूर्ण अस्तित्व को बना देती हैं प्रश्न चिह्न !
मुझे अप्रिय लगते हैं वे सभी सामाजिक अनुबंध ;
जिनमें काले रंग के प्रति है अनवरत अस्वीकृति की भावना
जो नहीं समझते इसकी शून्यता का रहस्य !
जिनकी अव्यवहृत आशंकाओं ने
सिद्ध कर दिया है इसे अशुभ,
और अधिकृत कर दिया अन्य सभी को
इसके बहिष्कार के लिए !!.....
-स्वरांजलि 'सावन'

