आप कुछ अच्छा कहें अच्छा सुने फिर,
ये शराफत आपके बस की नहीं है!
छोड़िए ये सब जो वक्ती पैंतरे हैं,
ये मोहब्बत आपके बस की नहीं है!
भीड़ में या फिर कहीं तन्हाईयों में,
मैं चलूँगी आपके नज़दीक फिर भी;
आप चुपके से पकड़ लें हाथ मेरा,
ये शरारत आपके बस की नहीं है!
मैं हूँ सबसे खूबसूरत इस जहां में,
आप सौ-सौ बार ये तारीफ करते;
और फिर आएगा इक दिन ग़ैर पर दिल,
ये रफ़ाक़त आपके बस की नहीं है!
-स्वरांजलि 'सावन'

