ज़िंदगी, यूँ बेरुख़ी की वजह क्या है? हसरतें, ख्वाहिशें, आरज़ू, इरादे इनका भी कुछ वजूद है, रख इनकी भी इज़्ज़त तेरे सहारे के बग़ैर ये दम तोड़ रहे आख़िर इनके बग़ैर जीने में मज़ा क्या है? ये बंदिशे, बेड़ियां, परम्परायें क्यूँ हैं ये बेवजह प्रथाएं, क़ायदे, रीति-रिवाज? क्यूँ अक्ल की दीवारों पे ताले लगा दिये हैं तूने? तोड़ दे इन जंज़ीरों को बख़्श दे रिहाई इस उम्रक़ैद से या लटका दे सूलियों पे इस उम्रक़ैद के आगे फाँसी की सज़ा क्या है? ना मैं तुझसे दूर, न तू मेरे नज़र से फ़िर भी ये आँख मिचौली किस लिए? तू धूप है ग़र, तो मुझे भी हक़ छाँव का है फ़िर भी तेरी तपिश क्यूँ जला रही है मुझे? बहुत लुका छिपी हो गयी ज़िन्दगी, अब बता दे तेरी रज़ा क्या है? तुझसे नाराज़ होने का हक़ मुझे भी है मेरी भी बातें चुभेंगी तुझे आज लफ़्ज़ों की जानिब ज़्यादा मुख़ातिब हूँ आज मैं नहीं देख रहा कि लहज़ा क्या है? मालूम है के तू मेरी अपनी है ख़फ़ा है शायद मुझसे किसी बात पे तू मुझे जज़्ब कर ले, मैं तुझे हासिल कर लूँ ये तुझे भी ख़बर है के मेरी नज़र में तेरा दर्ज़ा क्या है? शिक़ायत तेरी भी जायज़ मालूम होती है तभी तू भी ज़िद पे अटकी पड़ी है पर अब तू ही बता दे मेरी भी ख़ता क्या है? ज़िंदगी, यूँ बेरुख़ी की वजह क्या है?