गुलमोहर से लाल तुम्हारे।
कितने प्यारे गाल तुम्हारे।

जिधर करो रुख़ मौसम बिगड़े।
इतने काले बाल तुम्हारे।

दुनिया वाले कुछ भी बोलें।
हम तो हैं फ़िलहाल तुम्हारे।

बिना हमारे बीत गए हैं।
अबतक सालों साल तुम्हारे।

एक बार तो कहो हमें तुम।
हो जाएँ तत्काल तुम्हारे।

हमने चाल बदलकर देखी।
बिछे हुए हैं जाल तुम्हारे।

इस दुनिया से उस दुनिया तक।
मिले न मुझको हाल तुम्हारे।

मेरा तकिया अबतक भीगा।
सूख चुके रुमाल तुम्हारे।