इंतजार, इंतजार और बस इंतजार रहता है


तुम्हारे जाने के बाद गिनती हूं एक-एक दिन,

करती हूं सोलह श्रृंगार मैं प्रतिदिन,

तुमको पसंद है मेरा बिंदिया और काजल लगाना,

यह झुमके, चूड़ी और मेरा पायल बजाना,

चौखट पर बैठे-बैठे सारा दिन गुजरता है,

इंतजार, इंतजार और बस इंतजार रहता है।


चाँद को देखूँ तो तुम नजर आते हो,

सारी रात मुझसे तुम बातें बनाते हो,

बिखरी जुल्फों में तुम्हारी उंगलियां महसूस करती हूँ

हवा की छुअन ऐसे लगती जैसे तुम चूम जाते हो,

रात का वक्त बस करवटों की भेंट चढ़ता है,

इंतजार, इंतजार और बस इंतजार रहता है।


तुम कब लौटोगे किस तरह लौटोगे,

बस यही ख्याल मुझे कचोटता रहता है,

मालूम है झुकने नहीं दोगे तुम देश अपना,

सच कहती हूँ मुझे खुद पर बहुत गर्व होता है,

तेरी सलामती की खातिर इक दिया जला करता है,

इंतजार, इंतजार और बस इंतज़ार रहता है।


गुड़िया बड़ी हो गयी है, स्कूल जाती है,

गुड्डू से अब वो बहुत बतियाती है,

कहती है मुझे भी पापा के जैसे बनना है,

अपनी नहीं देश के खातिर मर मिटना है,

अब उसका भी ध्यान सरहद की खबर पर रहता है,

इंतजार, इंतजार और बस इंतजार रहता है।


~ सूर्यांश "अधीर"