मन की रिक्तता,
न शाद न अवसाद,
आत्मा रहना चाहे शांत,
मैं ढूंढ रहा हूँ एकांत।
न गरल न सुधा,
न अंतर्मन की क्षुधा,
नहीं सुनाना जीवन वृतांत,
मैं ढूंढ रहा हूँ एकांत।
नहीं चाहिये शीर्ष शिखर,
न मांगू मैं ज्ञान प्रखर,
चाहता हूँ शून्य नितान्त,
मैं ढूंढ रहा हूँ एकांत।
न मैं प्रेम चाहता प्रियतमा का,
न मैं किसी विग्रह की मांग करूँ,
बस मन नहीं चाहता रहना अशांत,
मैं ढूंढ रहा हूँ एकांत।
~ सूर्यांश "अधीर"
