भारी थी काल की यह माया
निश्चेत पड़ी भू पर काया
था पहर कौन सा ज्ञान नही
अंबर के छोर का भान नहीं

तलवे छालों से अटे पड़े
डग संग छोड़ गए खड़े खड़े
अधरों पर खुश्की छाई थी
रवि ने ज्वाला दहकायी थी

तन स्वेद ताल में डूब चुका
चेतन अवचेतन भूल चुका
तपता था धरा का भाल विकट
लगता था अब है , काल निकट

मरू की धरती,कतार तन था
पर आग्नेयी , पंथी मन था
विश्वास पथिक ने मन में भरा
था पास दिखा कुछ हरा भरा

सोचा मरीचिका हो सकती
पर दी उसने इतनी शक्ति
कतार तन में लहू दौड़ गया
कपते डग थे पर हुआ खड़ा

हो चाहे मरीचिका या भ्रम हो
नप जाये दूरी क्या कम हो
चला मन में वह विश्वास को भर
चलना ना लगता था दूभर

दिनकर के ताप में भी नरमी
अब पड़ने लगी दिखायी थी
विश्वास की शक्ति पंथी की
अंबर पर बदली लायी थी

फिर राही अपने कदमों से
पानी के सोते तक पहुंचा
विश्वास बना उसका साथी
और कर्म किया उसने ऊंचा।


✍
Read more Earn more Learn more