फिर अधपकी छुट्टियां बिता घर से लौट आया हूं
घर वालों के पास बैठने की आस मन में रह गई
ना जाने कितनी कितनी बात मन में रह गई
रह गया दोस्तों संग टपरी़ पर गापियाना
उन्हीं पर टीका टिप्पणी कर उन्हीं को गरियाना
आनायास चाय के ऑर्डर देना धूएं का छल्ला बनाना
कुहरे को पार कर घर दूर भूल आया हूं
फिर अधपकी छुट्टियां बिता घर से लौट आया हूं
वो छत पे क्रिकेट में कई कई नियम बनाना
और अपने बैट की धौंस दिखा बैमानी कर जाना
तफरी कर देर से लौटना फिर बूढ़े पैरों को दबाना
भाइयों को गले से लगाकर रोना धोना और बताना
कि कैसा लगता है घर से दूर सबकी चिंता में गल जाना
एक्सप्रेस वे और हाईवे के बल पर घर से दूर आया हूं
फिर अधपकी छुट्टियां बिता घर से लौट आया हूं
सभी नातों से मुलाकात अधूरी सी रह गई
सबकी बातों से मेरी बात भी अधूरी सी रह गई
फिर कई कई बात मन में ही मर गई
वो ठंड की गरम मूंगफलियां वो रजाई
चटनी चाट चाय वो समोसे छोड़ आया हूं
फिर मन को समझा बुझा मसोस आया हूं
फिर अधपकी छुट्टियां लूटा घर से लौट आया हूं
- सूरज सिंह परिहार, आईपीएस

