हे प्रभो! सृष्टि के तुम ही रचयिता

तुमने मानव जन रचे

पर फैली पशुता चहुँ ओर विकराल विस्तृत

निस्तब्ध! हैं कहाँ मानव बचे?


छा गए अज्ञान के बादल घनघोर

अंधकार ही 'सामान्य' की पहचान बन गया

नशा कुछ ऐसा चढ़ा हर एक सिरों पर

करुणा विलुप्त हुई, विवेक सारा मर गया


दया, प्रेम, करुणा से रिक्त ये सृष्टि

कर रही ख़ुद पर ही अंगार-वृष्टि

कृपानिधान! कृपा कर करदो उद्धार

नहीं तो मर मिटेंगे सब, कर निरीह जीवों पर वार


या खोल दो अपने तीनों नेत्र, आ जाये भूचाल

सब अस्तित्वहीन होकर, नव-अस्तित्व हो बहाल

हो विनष्ट सारे अहं के सुदृढ़ महल

करुणामय जगत की हो फिर नई पहल


दीपक उदीप्त हेतु अंगार माँगता हूँ

मन-व्यापक इस असुर का संहार माँगता हूँ

जग-व्यापक इस तिमिर का विध्वंस माँगता हूँ

विध्वंस माँगता हूँ!