जब खड़े खड़े बाजार में

थक गए लिफ्ट के इंतजार में

आशा टूटे उसके पहले

एक सज्जन सम्मुख आन खड़े

गहरी सांसे भरली मैंने

मुखड़े के भाव निखर पड़े


फटफट पर भी चलते-चलते

मौन कहाँ कोई रह पाता

कुछ गज दूर बमुश्किल निकले

रख ना पाए वो साता


बोले, भइया एक बात पूछूँ

बुरा तो नहीं मानोगे

मैंने भी हँसकर बोला,

बिन पूछे कैसे जानोगे?


बोले, भइया तुम कौन जात?

मैं बोला, बस इतनी सी बात!

गर मैं बोलूँ अपनी जात का

मुझको कुछ भी पता नहीं

वो इक झटके में बोल पड़े

ऐसा हो सकता ही नहीं


मैं बोला, चलो बतलाता हूँ

सुने धैर्य से तुम काका

बात समझ में आए तुम्हारी

सो खींच रहा हूँ इक खाका


जीवन मानो एक सफर हो

राहगीर हैं हम जिसके

पर सोचो चलते हैं हम सब

होकर के बस में किसके?


गर मालिक हमरा बन बैठा

भंगुर तन और चंचल मन

शूद्र सब कहलायेंगे 

उस क्षण में ऐसे सारे जन


जब चलते हैं करने पूरी

इच्छाएं तन कीं सारी क्षुद्र

या हो वश में मनो-स्वार्थों के

उस पल में हम होते शूद्र


पर जैसे ही ये भान हुआ

मैं कब इतना नादान हुआ

जो बहक गया इनके हाथों

कब ये मेरा भगवान हुआ?


जिसके पीछे-पीछे चलता

वो कभी रहा न हितैषी है

उसकी अपनी अलग माँग है

वो पूरा परदेशी है


फिर और गौर से जब देखा

निज पथ पर विघ्न हज़ार दिखे

तन, मन की भी चाल विघ्न जब

तब दुश्मन उनमें हजार दिखे


रिपु विशाल, सबल, सक्षम है

आ बैठा मन के अंत:भवन

कैसे उससे लोहा लोगे

बिन अर्जित किए शस्त्र संसाधन


यूँ विदित हुआ त्यों ही लग जाते

करने संसाधन का अर्जन

वैश्य सभी कहलाते हैं

उन घड़ियों में सारे सज्जन


शत्रु अदृश्य वार भी अदृश्य

ऐसे नहीं हारेगा

भुजबल, धनबल और ज्ञानबल

युध्द में सब कुछ लागेगा


अर्जित शस्त्र न हो सुशोभित

गुप्त किसी तहखाने में

अर्जन सब होगा समर्पित

अरि को धूल चटाने में


जो है उससे हुंकार भरो

अशोभनीय है रहना अक्रिय

जब टूट पड़ें कुरुक्षेत्र में रिपु पर

उस पल हम बन जाते क्षत्रिय


ये पल दो पल की बात नहीं

कई जंग निरंतर जारी हैं

शत्रु ही हम पर चढ़ बैठा

हम चुन बैठे लाचारी हैं


जुगुप्सा क्षत्रिय को लाचारी से

वो रण छोड़ भागता नहीं

पौरुष प्रदत्त किस अर्थ कहो?

अंतःसंग्राम हित जो जागता नहीं


आशा है समझे होंगे

काका बातें अब तक कीं

हौले हौले चलो संभलकर

देखकर मोड़े पथ पर कीं


बात रही बाकी ब्राह्मण की

जो अब तुमको बतलाता हूँ

जो तथ्य अकथ्य है कहने में

इन शब्दों में समझाता हूँ


कभी-कभी दो चार क्षणों को

ब्राह्मण भी हम बन जाते

जब मन के सारे कोनों में

कहीं नहीं ख़ुद को पाते


अहं जहाँ चालक नहीं होता

जीवन की इस गाड़ी का

त्यजित स्वार्थ कामना ये होती

 कि थमे दौर बर्बादी का


कर संघर्ष कोटि रिपुओं से

निज सीमा लाँघ जाते हैं

बस ऐसे एकाध पलों को

ब्राह्मण हम बन जाते हैं


जो पल समर्पित जीवन का

इक उच्च लक्ष्य को हो जाता

उस पल के दौरान जीव वो

ब्राह्मण जन है कहलाता


जाति नहीं जन्म से होती

नियत हमारे कर्म की जाति निर्धारित करती है

और इसी वजह के कारण

जाति जाती नहीं

मगर पल-पल बदलती रहती है


या चाहो तो कह सकते हो

बन शूद्र जन्म सब लेते हैं

क्योंकि पैदा होते से ही

तन को लेकर रोते हैं


दुविधा में पड़ आगे बोले

क्यों भेदभाव है फिर फैला

बात अगर इतनी सीधी तो

क्यों विवश कोई ढोता मैला


बात बहुत सीधी है लेकिन

मन कब सीधा चलता है

लेकर सीधी, सरल बात को

जाल वो नित नए बुनता है


बात तुम्हारी लगत सही है

पर तुम अपनी फेंक रहे

सदियों से होता वही आया

कहते जो सब ग्रंथ रहे


बात ग्रंथों की करते हो तो

सुनो बताए देता हूँ

जो तथ्य रास बनकर बैठा

वो खोल सुनाए देता हूँ


ग्रंथ सदा ही कहते हैं

बातें हमसे दो तल कीं

मुख्य विषय जिनका जीवन है

नहीं कथाएं नभ, थल कीं


पहली तो बस उसी समय की

दूजी है जो समय परे

पहली में सब फँस कर रह गए

दूजी पर ध्यान कौन धरे?


बात समय की समय संग बदले

नहीं तो बोझा बन जाती

विकृत होकर सकल समाज में

गरल मात्र ही फैलाती


पर दूजी वो बात ख़ास है

वो नहीं समय के संग जाती

वो ही दवा है उस व्याधि की

जो सदा मनुज को अकुलाती


बैचेनी तो व्याप्त सदा से

और सदा ही रहनी है

इसीलिए वो बात दूसरी

उपयोगी सदा रहनी है


पहली बात बगल में रखकर

गौर दूजी पर करना है

मद वश होकर जो उसे छोड़ा

कष्ट जनम भर सहना है


है कौन तुम्हें जो रोक रहा

ये जान समझ अब लेने को

जो बात सार्थक जीवन में

बस ध्यान उसी पर देने को


बात ग्रंथों की करी आपने

और दिए मढ़ दोष बड़े

ग्रंथों के हैं शिखर जो उपनिषद

बतलाना ज़रा कितने पढ़े?


विकृत होकर कोई बात जब

असल लक्ष्य से भटकाती

भले रहे प्राचीन मगर वो

नहीं अनुकरणीय रह जाती


गर असल अर्थ उसी बात का समझें

व्यावहारिक पथ दिखलाती

भेदभाव की तोड़ जंजीरें

उद्धार सभी का है लाती


ऊँच-नीच के भ्रम ये सारे

अहं का बस करते हैं पोषण

असल अर्थ जो ज्ञात हो जिसको

वो कैसे कर सकता है शोषण?


इसीलिए मैं कहता हूँ

भाव असल को दिया करो

गरमा-गरम बाज़ार भ्रमों का

उनसे थोड़ा बचा करो


बोले, भइया आज दूर हुई

वर्षों की थी जो शंका

उपनिषदों के जो अन्वेषी

आभार व्यक्त उन ऋषियों का


इतने वक्त में परिचित पगडण्डी

मेरे घर की आन पड़ी

धन्यवाद कहके मैं उतरा

उनकी फटफट दौड़ चली




*फटफट - मोटरसाइकिल

*साता - धीरज