अपने हाथ से टीका तो लग जाता है मगर,
एक हाथ से राखी अब बंधती नहीं ||
बचपन में बड़े होने के लिए था हर दिल बेसबर,
क्या छूट रहा है पीछे था इस से हर कोई बेखबर,
तब छोटी सी कलाई राखी के धागों में छुप जाना,
अब बड़ी सी कलाई पर राखी की कमी नजर आना,
कहीं उड़ा ले जाता था मुझे कहीं वो मीठायों का भंवर,
चिट्ठी में आई चंन्द बादाम किशमिश अब कुछ जमती नहीं,
अपने हाथ से टीका तो लग जाता है मगर,
एक हाथ से राखी अब बंधती नहीं ||
शालीन कपड़े, सर ढकना ओर बैठ के बंधवाना, कोइ ना बताता यहां,
क्या महुरत, क्या समय, क्या रस्मों रिवाज़, कोई न समझाता यहां,
नहीं लगता अब तांता कच्ची पक्की बहनों का,
उनके चुने रंग बिरंगे धागों रुपी गहनों का,
क्या हुआ था कभी उस राखी पे, कोई न अब सुनाता यहां,
कितना शगुन लेगा कौन-कौन, कोई न अब हक़ जताता यहां,
एक उम्र बीत गयी उन ठहाकों के बीच दावत उड़ाए,
अपनों की वो जानदार महफ़िलें खुले बरामदे में अब सजती नहीं,
अपने हाथ से टीका तो लग जाता है मगर,
एक हाथ से राखी अब बंधती नहीं ||
