चलो आज फिर से वही दिखावा करते हैं,

तुम पूछना कैसे हो, और मुस्कुरा के खुश होने का दावा करते हैं ||


उठने से पहले वो चाय की प्याली का बिस्तर पे पहुँच जाना,

और प्यार के आंसू से उस चाय का नमकीन हो जाना,

पहले रोज की तरह तुम्हारा काम पे चले जाना,

आधे दिन में ही वापिस आ घर की घंटी बजा मुझे चौंकाना,

मेरी ख्वाइशों को अपनी ज़िन्दगी बनाना,

लब पे आने से पहले उनका मुकम्मल हो जाना,

तुम्हारे शरारती तंज जो मुझे सताया करते हैं,

आँखों से बेपन्हा मोहब्बत के नगमे मुझे सुनाया करते हैं,


चलो आज फिर से वही जिंदगी जीने का वादा करते हैं,

तुम पूछना कैसे हो, और मुस्कुरा के खुश होने का दावा करते हैं ||


न जाने क्या रिश्ता बनाया है तुमसे उस खुदा ने,

जो तेरी धड़कन के लिए भी दिल मेरा जिम्मेदार हो गया,

गवारा न था तेरा एक पल आँखों से ओझल होना,

अब तो उम्र भर का बस तेरी तस्वीर से वास्ता हो गया,

क्यों चले गए तुम एक रोज बिना इजाजत लिए,

कभी अपनी साँसों का हिसाब मेरी धड़कनो से रखा करते थे,

तुम्हारा आधा पिया पानी का गिलास आज भी ख़तम होने की ताक में है,

लौट आओ कभी सुलझाने हिसाब यादों का,

जो कहीं गुम कलश में पड़ी उस राख में है,

तुम्हारी पसंद का खाना रोज थाली में सजाती हूं,

उसी से दिन भर की बातें कर न जाने कब यादों में सो जाती हूं,

आज भी तोहफे जन्मदिन के खुलने के इंतजार में हैं,

प्यार की उस झप्पी के लिए हाथ बेकरार से हैं,

लगता है खुदा को भी तन्हाई अपनी तुम्ही से भरनी थी,

आखिर जन्नत में फरिश्तों की कमी भी तुम्ही को दूर करनी थी,

अकस्मात किसी कोने में साये तुम्हारे नजर आया करते हैं,

उनमे समाने की कश्मकश में तन्हाई के अँधेरे अक्सर मुझे डराया करते हैं,


चलो आज फिर से उसी डर से लड़ने का वादा करते हैं,

तुम पूछना कैसे हो, और मुस्कुरा के खुश होने का दावा करते हैं ||                                                                   


-- अल्फ़ाज़ @ सुमित शर्मा