चंदा की है आस मुझे भी नव कोपल के मूर्त रूप में  आज सृजन का स्पन्दन है  पदचापों से भयाक्रांत पर  उड़ने का विश्वास मुझे भी  चंदा की है आस मुझे भी ।। धरती मे नित नया समर है  उत्कम्पित बेला क्रूर पहर है  पवन संग उड़ती बदली से  करना है परिहास मुझे भी  चंदा की है आस मुझे भी।। यह सृष्टि का खेल अधूरा  कुछ को आधा कुछ को पूरा उष्म चेतना से आलोकित  नव ज्वलंत अहसास मुझे भी  चंदा की है आस मुझे भी ।। लड़ना सीखूं बढ़ना सीखूं  प्रगति सीढियां चढ़ना सीखूं ज्येष्ठ काल की सुर्ख देह में चातक जैसी प्यास मुझे भी  चंदा की है आस मुझे भी ।।