आज पहली नवरात्रि है

तुम ने सुबह सुबह , हमेशा की तरह

आकर मुझे जगाया

ख़ुशी से तुम्हारा चहरा दमकता

वही धूप और गुलाब,

‘अब उठ जाओ

इतना शुभ दिन है ,

नहाकर हाथ जोड़ लो’


मैं नींद में भी जान गयी , इस बार

तुम कई लोक को पार कर

पहले की तरह

इस पावनता का संदेश

देने मुझे आयी हो ,


हाँ, हाथ जोड़ लिए माँ,

अब तो पूजा भी करती हूँ

सुविधाजनक निराकार आस्था की बजाय

अब रुककर साकार को नमन करती हूँ ,


तुमसे फिर प्यार कर लेती हूँ

बेटियों को दुलार कर लेती हूँ

खुद को खुल के इज़हार कर लेती हूँ

नारी शक्ति को याद कर लेती हूँ

हर अंन्याय पे क्रोध भर लेती हूँ

इक नए कल के लिए हुंकार कर लेती हूँ,


देवी की पूजा बड़ी सहज है माँ,

हर स्त्री और पुरुष के लिए

कोई समय रहते दुनिया

को भी ये बता दे ना माँ..