रोज़ रूठो, तुम्हें मैं मनाता रहूँ।
आखि़री साँस तक प्यार पाता रहूँ।। 1।।

खींच आँचल चलो गाँव की ओर जब-
तुम सुनो ही नहीं, मैं बुलाता रहूँ।। 2।।

बादलों-यों घिरो, वे डरें, रो उठें।
धीर-भर अंक में, मैं बँधाता रहूँ।। 3।।

एक लौ-सी जले देह में रात-दिन।
आँधियों से जिसे मैं बचाता रहूँ।। 4।।