हम-तुम एक डाल के पंछी, आओ हिलमिल कर कुछ गाएँ।
अपनी प्यास बुझाएँ, सारी धरती के आँसू पी जाएँ।।
अपनी ऊँचाई पर नीले
अम्बर को अभिमान बहुत है।
वैसे इन पंखों की क्षमता,
उसको भली प्रकार विदित है।।
तिनके चुन-चुन कर हम आओ, ऐसा कोई नीड़ बसाएँ।
जिस में अपने तो अपने, कुछ औरों के भी घर बस जाएँ।। 1।।
-
24 अगस्त, 1967
शंकरलाल द्विवेदी (1941-81)

