उमस भरी गर्मी, हाथ वाली पंखी
हाय राम ! कब आएगी ये बिजली?
झलते हुए न जाने कब लग जाती थी आँख
और धड़ाम से गिरता था छाती पर हाथ
देखते थे आकाश को टकटकी लगाए
अब बादल आए कि अब बादल आए
लो आज फिर दे गए बेदर्द धोखा
पता नही किसने है इन्हें आने से रोका
निकलते जाते थे यूँ ही दिन रात
न जाने कब होगी ये नामुराद बरसात
आते हैं बादल उमड़ -उमड़ के
उड़ जाते हैं यूँ ही घुमड़-घुमड़ के
ऐसे ही नही इन्हें कहा गया आवारा
भाग जाते हैं कुछ पल दिखाकर नजारा
लो आज फिर छाए हैं बादल काले काले
लगता है बरसेगें झूम-झूम कर निराले
आज तो बरसेगें दमदमा दमादम
नाचेगा तनमन भी छम-छम छमाछम
बिजली गड़गड़ाई चमचम चमचमा कर
लगे बादल बरसने झमझम झमझमा कर
अब लाइट का कौन करता है इंतजार
अब तो वैसे भी हो जाए गी बेजार
पीपल से आने लगी सोंधी ठंडी-ठंडी बयार
चिक से झांकता मन बाहर भागने को बेकरार
मौका लगे तो बाहर भाग जाएं
थोड़ा-बहुत बारिश में भीग कर तो आएं
मौका ताड़ चिक से बाहर किया ही था पैर
कि पड़ गई माँ पीछे हाथ धोकर बैर
अभी पहली बारिश का पड़ा है सर्राटा
बाहर न जाओ वरना खाओगी चमाटा
चढ़ जाएगी गर्मी तुम्हारे इस सिर पर
नाचो गी रो रो कर फिर मेरे ही सिर पर
होने दो पहले धरती माँ को तुम ठंडा
लगाना फिर आंगन में मस्ती से दड़ंगा
यादों में बस गए मस्ती के वह पलछिन
घूम-घूम याद आते बचपन के वह दिन
बारिश में धोना छतों को झूम-झूम कर
नालियों को साफ करना घूम-घूम कर
भाभी संग करना हँसी और ठिठोली
फैंकना पानी उस पर भर-भर झोली
जल्दी आओ नीचे माँ देती थी आवाज
और -
सुना अनसुना करना हमारा था अंदाज
आते थे नीचे बारिश से किटकिटाते दांतो साथ
मिलती थी मसाला चाय माँ की झिड़कों साथ।