मैंने तन्हाइयों में ढ़ूँढा है
मेरा आशियाना
सूखे फूलों में पाया है
खुशियों का खजाना
चाहा था करूँ कुछ ऐसा
जो सब को रास आए
बन कर रह गई
मेरी कोशिश इक फसाना
यूँ तो गुजर गया है
इक ज़माना इस बात को
एहसास ऐसा
जैसे कल ही की बात हो
वक्त को बाँध सकती,
बाँध देती हर उस पल को
रोक लेती उन हवाओं को
जो मेरे घर से गुजरती थीं
पीपल की ठंडी हवा,
बारिश की हल्की फुहार
मिट्टी की सोंधी खुशबु ….
आज भी ….
मेरी तन्हाइयों में सुकून देती है
गूंजती हैं आवाजें,
कानों के पर्दे झनझनाती हैं
गुनगुनाने लगती हैं हवाएं
सनसनाती गाती हैं
धड़कनों की रफ्तार
खुद-ब-खुद बढ़ हो जाती हैं
महकती है खुशबू….
ज़र्रे ज़र्रे में उस चमन की
जहाँ पाई थी खुशियाँ
मैंने अपने बचपन की
मिली खुशियाँ बेइंतिहा…
ज़िन्दगी की राह में
मिली न वो जन्नत
जिसे ख्वाबों ने सजाया था
कर दो रोशन मेरी रूह को
राह-ए-जन्नत दिखा रब्ब
कैसे जीते हैं मेरे अपने
देखकर तो आऊँ मैं
रूह होती है रोशन
आज भी उनकी यादों से
चमकती हैं मेरी आँखें
इक लौ सी जलती है
चेहरे की चमक बढ़ कर
हो जाती है दुगुनी
इक नमी सी गालों पर
एहसास-ए- ज़िन्दगी बयाँ करती है ।
