एक बार जिन्दगी फिर से जीने
की तमन्ना है
छूटा जो पीछे ,फिर से पाने की तमन्ना है
चाहकर भी न कर पाए उसे करने की तमन्ना है
एक बार फिर से जीने की तमन्ना है
एक बार फिर से खिलखिला कर हँसने की तमन्ना है
बारिश में बेपरवाह भीगने की तमन्ना है
पेड़ की डाली को पूरे जोssssर से नीचे खींच कर
कच्चे अमरूद तोड़कर खाने की तमन्ना है
पीछे के आंगन में खट्टे -मीठे बेर के पेड़ से
सेब जैसे गोल-गोल बेर तोड़कर खाने की तमन्ना है
हाथ में काँटा चुभने पर झट से ऊँगली चूसने की तमन्ना है
ला दिखा, कहाँ लगा, माँ की मीठी डाँट वाला लहजा
एक बार फिर से सुनने की तमन्ना है
पेड़ पर गुच्छों में लटकते अनारों को पुरानी धोती से बाँधने की तमन्ना है।
सुबह उठकर तोतों ने कितने अनार खाए
उसे देखने की तमन्ना है
सबसे बड़ा अनार खाया देख, उन्हें कोसने की तमन्ना है
माँ का कहना ,उनकी माँ नही है पकाने वाली
पेट तो हर जीव ने भरना है एक बार फिर से सुनने की तमन्ना है
भाई के साथ आंगन में एक बार फिर से बैडमिंटन खेलने की तमन्ना है
शाॅट न लगने पर रूठ कर झगड़ने की तमन्ना है
माँ से छुपाकर बिल्ली के बच्चों को दूध पिलाने की तमन्ना है।
एक बार फिर से जीने की तमन्ना है ।