झांकता हूँ मैं क्षितिज से
आंकने संसार को
ओढ़ कर चादर झीने
पल्लवों की
है कहाँ? धरती का उन्मादित
वह यौवन
नोच डाला है जिसे लोभी हृदय
के मानवों ने
खोद डाला है धरा के हृदय पट को
ब्लास्ट कर थोथा किया
पाषाण से उसके जिगर को
शाश्वत कुछ भी नही है
इस जहाँ में
इसका है आभास फिर भी
लोभ में भ्रमित है मानव
होगा क्या मंदिर और मस्जिद,
चर्च बनाकर
झिंझोड़ कर रख देगी इकदिन धरती
ओ दानव
न करो संहार धरती
हिल रही है
धरती माँ भी त्रस्त हो कर
थक गई है
अब भी जागो और संभालो
इस धरा को
विनाश लीला से बचा लो
माँ धरा को ।
