आया राखी का त्योहार,

लिए मुरादें हज़ार,

खुश रहें हम सब—

यही माँगती हूँ हर बार।

चिरस्थायी हो

बहन-भाई का साथ,

कभी न छूटे

किसी बहन से भाई का हाथ।

थाली सजी है—

रोली, राखी, फूलों के संग,

जिनमें आज भी बसती है

यादों की मधुर उमंग।

याद आते हैं वो रंग,

जब बाँधी थी राखी

तेरे हाथों के संग।

सुना था—

वक़्त को गुजरते देर नहीं लगती,

पर कुछ यादें ऐसी हैं

जो आँखों को रुकने नहीं देतीं।

सेवैयाँ होंगी,

पूरी-छोले भी होंगे,

मिठाइयों में सजे

दही-भल्ले भी होंगे…

पर नहीं होगा—

वो अपना सा हाथ,

जिस पर बाँधी थी राखी

मुरादों के साथ।

नहीं होगा वो पल,

वो हँसना-हँसाना,

आधे रास्ते से

फोन कर बुलाना—

“पहुँची या नहीं?”

कहकर चिंता जताना…

ये यादें हैं ऐसी

जो मन में बसी हैं,

मेरी हर धड़कन में

चुपचाप रची हैं।

हे ईश्वर…

इन यादों को यूँ ही सजाए रखना,

उस सुहाने पलों  को

दिल में बसाए रखना।

वक़्त का तो काम है

आना और जाना,

पर कुछ रिश्तों का बंधन—

न कभी टूटे, न हो बेगाना।