प्रेम 
++++++++

क्या वह 

एक दूसरे की परवाह है ,

साझेदारी का व्यापार,

या फिर  अपेक्षाओं का बोझ  ।


प्रेम ,

दो आत्माओं का मिलन 

या विरह का तड़पता दर्द


सुख में बिताई आनंदमयी स्मृति 

या 

फिर बीते पलों की दुख भरी  याद 


 किसी का सानिध्य

 या पार्थक्य 


यानि किसी का साथ होना-

या उसके बिना कुछ भी न होना 

कहीं वह 


वासना की तप्ती अगन  तो नही

या  फिर 

बुझी हुई लौ की मौन चटकन

क्या है यह ?


मैं महसूस करती हूँ 

प्रेम ,

आत्मा , मन और हृदय का 

अटूट ,अदृश्य बंधन है 

उन्मादित उल्लास ही है

इसका मूलमंत्र है 


यह न उदासी है  

और न ही विरह 

न सहानुभूति है 

न ही परवाह


न कुछ बाँटना

न कोई अपेक्षा


प्रेम तो केवल शुद्ध आनंद है

जो खिल उठता है

एक खूबसूरत मुस्कान बनकर


एक ऐसी रोमांचकारी तरंग

जो संसार से

पूर्णतः बेख़बर कर देती है


अनंत है 

वह इंसान को

ऐसे  लोक में ले जाता है 

जहाँ देह-स्पर्श  से परे 

 निस्वार्थ अनुभूति है


अनंत अमृत रस का 

अनजाना रहस्य 

दिमाग के दायरे से परे 

निर्मल आनंद

विचार नही 

यह निस्वार्थ एहसास है 

जिसे सिर्फ दिल समझता है ।