आज सुबह जब नींद खुली,
झाँका मैंने अपने आँगन में—
एक नन्ही सी कली खिली थी,
सुन्दर लाल गुलाब की।
भौंरा मंडराता पास खड़ा,
मधुमक्खी भी गुनगुना रही,
रस लेने उस कोमल कली का
दोनों में होड़ लगी।
“यह मेरी है, यह मेरी है”—
कहते दोनों इतराते थे,
क्षणिक लोभ में उलझे ऐसे
स्वर भी ऊँचे उठ जाते थे।
इतने में इक माली आया,
तोड़ गया उस नन्ही जान को,
सूनी डाल पर रह गये दोनों
ताकते अपने अरमान को।
अब पछतावे की आँधी में
फफक-फफक कर रोते हैं,
छोटी-सी उस नादानी का
फल दोनों ही ढोते हैं।_______________________