सावन का महीना भारतीय नारी को बड़ा ही प्रिय होता है ।उत्तर प्रदेश में हमारे समय में दस से पंद्रह दिन की छुट्टियां हुआ करती थीं ,हरियाली तीज से लेकर रक्षाबंधन तक । और ये सारे दिन किसी त्योहार से कम न होते थे । प्रत्येक दिन एक एक सहेली के घर झूला-झूलने और खाने पीने का कार्यक्रम होता ।चाची, ताई,भाभी और सब सहेलियाँ झूला झूलते और ढोलक की थाप पर कजरी गाते ।भूले नही भूलते मस्ती के वह दिन….


सावन के झूले, बसे हैं ज़ेहन में 

सखियों संग झूलना, बसा मेरे मन में

पायल की छम-छम, चूड़ियों की खन-खन

सावन की कजरी की, गूँजती मधुर धुन 

भाभी की करधनी ,बाजे है छुनछुन 

बिछुओं की छुनछुन नही है कुछ कम 

माथे पर उसके ,चमके थी बिंदिया 

उड़ा कर रखी थी उसने ,भैया की निंदिया  

और भाई 

मेंहदी लगाना, आल्ता भी सजाना 

मेंहदी का रंग, किसका है गहरा ?

सखियों संग ,हाथों को देख मिलाना 

नए कपड़े पहनने का शौक, वो अजब था 

घूsssम कर आइने में, खुद को देखना गजब था 

पूरी कचौड़ी, दही भल्ले का दोना 

हरी चटनी संग, मीठी सोंठ का भी होना

घैवर का स्वाद, गर्म जलेबी के साथ 

मलाई के पुए ,गर्म पकोड़ों के बाद 

मजा ही मजा था, मजा ही मजा था 

गम किसको कहते हैं किसको पता था?

सावन तो अब भी आता है वैसे 

बरसता है झूम कर आज भी ऐसे 

नाचते हैं मोर कोयल भी कूके 

मगर कैसी उठती हैं कैसी ये हूकें 

नयी है ये दुनियां नया ही चलन है 

जिसे देखो सब अपने में मगन है 

लगती हैं बच्चों को ये बांते पुरानी 

सोचते  हैं सुनाती कोई दादी कहानी 

चलो ये भी सच है जैसा भी है सब 

रहें सब मजे में खुश रखे सबको रब _

_

।