ये कोमल काया, रंग धवल 


मोहक अधर नासिका प्रखर 


चिबुक प्रतिबिंबित करे दर्प 


टीका जड़ित ,ललाट उत्कर्ष 


हे!मृगनयनी ,भयभीत हो क्यों ?


क्या देखा तुमने ?मूक हो क्यों ?


क्यों मृग से लोचन खुले हुए ? 


क्यों अधर तुम्हारे सिले हुए? 


क्यों कंपित निर्मल काया है ?


क्यों भय अदृश्य सा छाया है ?


हे ! सुन्दरी जरा मुख तो खोलो 


प्यासे कानों में रस घोलो 


तुम्हें देख मेरा मन डोल रहा 


लगे उलझे धागे खोल रहा 


तुम सत्य हो या कोई हो धोखा 


कहीं स्वप्न नही कोई है खोखा 


क्या उतरी सीधी स्वर्ग से हो 


हे !सुन्दरी !क्या तुम अप्सरा हो ?


हो कौन ? कहाँ से आई हो?


किसका संदेशा लाई हो ?


सुनते इतना, दो अधर हिले 


काँपे  लेकिन कुछ कह न सके 


नयनों में प्रेम के दीप जले 


लज्जावश पूरे खुल न सके 


इतने में सुदृढ दो हाथ बढ़े 


नयनों में जलधर उमड़ पड़े 


सदियों से जमे जल प्रपात 


ज्यों गर्म हवा से पिघल पड़े 


बोली वह अर्द्ध बंद आखों से 


विस्मृत सी खोई ख्वाबों में 


हे!नाथ, तुम्हारी हूँ सहचर 


कर छोड़ गए, मुझको तुम वर 


बिन घूंघट खोले चले गए 


सरहद पर लड़ने समर गए 


बीता प्रतीक्षा में मेरा हरपल 


अश्रु बहते थे मेरे अविरल 


हे !प्रिये मुझे अपनाओ तुम 


कभी छोड़ मुझे न जाओ तुम ।