मैं खड़ी थी सोचती,
मेघों की चादर ओढ़ कर —
वो कौन है जिसने रचा,
इतना सुन्दर सा समाँ ?
सामने एक नदी बहती ,
पर्वतों को चीर निकलती,
राजतरंगिणी-सी इठलाती,
स्वच्छ, निर्मल, बल खाती।
रश्क से मैंने पूछा ,
कैसे हो तुम इतनी स्वतन्त्र ?
मुस्कुरा कर नदिया बोली ,
मैं रहती हूँ अपनी मौज में ,
बहती हूँ अपने प्रवाह में ,
चलती हूँ बे रोक-टोक ,
बनाती हूँ अपनी गली ।
तोड़कर रख देती हूँ बंधन ,
जो रोके मेरे प्रवाह को ,
मैं नदी इठला के बहती,
तोड़ देती सारे गतिरोध,
अंततः सागर से मिलती ,
अपने दिल के गीत सुनाती ।
