कबीर दास का नाम सुनते ही जहन में अनेकों प्रश्न का प्रादुर्भाव होना स्वाभाविक  है - मसलन -

क्या कबीर कवि थे ?

क्या कबीर समाज सुधारक थे ?

क्या कबीर हिन्दू थे ?

क्या कबीर मुस्लिम थे ?

आखिर कौन और क्या थे कबीर?

ऐसा क्या है कि कबीर आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने वह पंद्रहवीं और सोहलवी सदी में थे ?

क्या हमारा समाज आज भी वैसा ही है जैसा कबीरकाल में था ? अगर हाँ ! तब क्या हमारा समाज आगे नही बढ़ा। क्या हमने प्रगति नही की ?

इन अनेक प्रश्नों का उत्तर कबीर दास की रचनाओं से देखा और समझा जा सकता है। वर्तमान परिस्थितियों के परिपेक्ष्य में यदि देखा जाए तब लगता है कि कबीर का वही तत्व ज्ञान , विचार, भाव आज भी प्रासंगिक है  जो हमारे जीवन आदर्शों और मूल्यों के लिए वर्तमान समय में अत्यंत आवश्यक हैं । हालाँकि कबीर की मूल चिन्ता आध्यात्मिक है लेकिन उसका आधार सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियाँ ही हैं जो उनकी सामाजिक चेतना को परिलक्षित करते हैं।

साहित्य साहित्यकार की भावनाओं का दर्पण या कह लीजिए प्रतिबिंब होता है इसलिए यह स्वाभाविक है कि तत्कालीन सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों का,  उस समय की अच्छाईयों और बुराइयों का प्रभाव उनकी भावनाओं पर पड़े और उनका प्रतिबिंब उनकी रचनाओं में झलके ।

हिन्दी साहित्य का द्वितीय चरण भक्तिकाल के नाम से जाना जाता है ।इस काल में निर्गुण और सगुण दोनों प्रकार की रचनाएं मिलती हैं ।कबीर दास इसी काल के कवि हैं ।इनकी रचनाएं निर्गुण धारा के अन्तर्गत आने वाली ज्ञानाश्रयी शाखा से हैं ।

कबीर दास के समय में सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक और धार्मिक स्थिति ठीक नही थी ।एक ओर समाज मुस्लिम शासकों की धर्मान्धता से परेशान था वही दूसरी ओर हिन्दू धर्म के विधि-विधान  और पाखंडों से त्रस्त था।हिन्दू और मुस्लिम के बीच जाति -पाँति ,धर्म और मजहब की खाई गहराती जा रही थी ।ऐसे में उन्होंने राम-रहीम के नाम पर चल रहे पाखंड, भेद- भाव, कर्मकांड आदि पर खुल कर अपने विचार रखे और अपनी रचनाओं के माध्यम से उन कुरीतियों के उन्मूलन करने  का प्रयास भी किया । एक ओर मूर्ति पूजा का खंडन करते हुए कहा कि पत्थर पूजने से यदि ईश्वर मिलते हैं तब में पूरे पहाड़ की पूजा करता  और वही दूसरी ओर मौलवी को धिक्कारते हुए कहा कि क्या अल्लाह बहरा है जो तू मस्जिद पर चढ़कर ऊँची आवाज में बांग दे रहा है ।उनके अनुसार ईश्वर घटघट वासी यानि कि  कण-कण में विराजमान हैं ।इंसान उसे मंदिर और मस्जिद में उसी प्रकार ढ़ूँढता फिरता है जैसे हिरण अपनी कुंडली में कस्तूरी होते हुए भी जंगल में भटकता रहता है । कबीर हिंसा का विरोध करते हुए कहते हैं -

बकरी पाति खात है ,ताकि काढ़ी खाल

जो नर बकरी खातहै तिनको कौन हवाल ?

कबीर के अनुसार, जिसमें प्रेम, दया और करूणा की भावना है वही सबसे बड़ा ज्ञानी है ।

आज भारतीय सभ्यता और संस्कृति का मूल मंत्र 'वसुधैव कुटुंबकम 'लुप्त होता जा रहा है। अनेक धर्मों का लबादा ओढ़े इंसान तो बहुत हैं लेकिन इंसानियत खत्म होती जा रही है ।ऐसे समय में कबीर की वाणी बहुत ही प्रासंगिक है। आज समाज को एकत्ववादी ,मानवतावादी निराकार ब्रह्म के उपासक कबीर के उपदेशों की आवश्यकता है जिससे समाज में आपस में एकता और प्रेम का संचार हो सके और इंसान  मन को एकाग्र करके भीतर की बुराइयों को दूर कर सके ।कबीर दास जी का कहना है कि-

'मन मक्का दिल द्वारिका काया काशी जान ।

दस द्वारे का देहरा  ,तामें जाति पिछाण।।

अर्थात, यह मन ही मक्का, ह्रदय द्वारिका और संपूर्ण शरीर ही काशी है ।हिन्दू और मुसलमान में कोई भेद नही है ।दोनों का सृजन एक ही है। रास्ते अलग-अलग हैं लेकिन भावना एक है ।

कबीर का जीवन और वाणी एक लम्बे अंतराल के बाद भी आज भी  उतनी ही सार्थक है जितनी कबीर काल में थी ।