झील पर मिलते क्षितिज को
देख कर बोला मेरा मन
कर दूँ न्योछावर प्रकृति पर
अपना तनमन
प्रश्न उठता है चकित
मेरे बालमन में
कौन है जो निर्मित करता
इन क्षणों को
देख खग मग और रंगीले
पंछियों को
उल्लसित करता है
मेरे भ्रांत मन को
कौन है जो बोलता है
अरूण को
बिखरा दो विस्तृत झील में
अपनी अरुणिमा
भर दो समग्र सृष्टि को
अपनी लालिमा से
दो नया इक और दिन
उम्मीद का तुम
भर दो आशाओं से
इस संसार को तुम।