भोर का मधुर आगमन

भोर होनी है अभी—कुछ और बाकी,

रात का धुंधलका भी है और बाकी।

सो रहा संसार अब भी,

नींद का खुमार है बाकी।

हवाएँ धीमे सुरों में,

खामोशी संग बह रही हैं।

अरुणिमा की मंद आहट सुन,

अप्सरा-सी चाँदनी

हल्के पाँव सिमट रही है।

एक झोंका सरसराता पवन का,

भोर-गीत धीमे गुनगुनाता,

सोए पुष्पों को जगाता,

नलिन-दल को हिलोरों से सहलाता।

कोयल कूक उठी आम्र-वाटिका में,

घोल रही मधुर रस कानों में।

भेज रही संदेश प्रियतम को,

भर रही मिठास बागों में।

परिंदे चहकने को आतुर,

 चटक कर कलियाँ खिलने 

को हैं व्याकुल।

इस बेला का अपना ही

अद्भुत-सा एक नशा है—

जिसमें हर अवसाद

धीरे-धीरे बह रहा  है।

नव प्राण, नव ऊर्जा से

भरने का ये ही  समाँ है

मुस्कुराने का मनोहर यही समय है ।