आवारा बादल

+++++++++++++++


   चोटियों को छू कर उड़ते 

साँवरे काले घने घन 


स्पर्श करते तरू पल्लवों की 

कोपलों को


गरजते   काले घनों को देख 

बोली श्यामला 


आज न  जाने मैं दूँगी 

महज  तुम को गरज कर 


करना होगा तृप्त मुझको

यूँ ही अनवरत बरस कर  


झूम कर बरसो करो शान्त

 मेरे तपित मन को 


तपिश से झुलसी हूँ मैं 

देखो है मेरी कोख सूनी 


पा कर तेरा रस करूँगी 

अंकुरित मैं बीज तेरा 


देखना हरित ये धवला 

आओगे जब तुम दोबारा 


छू  शिखर की कोपलों को 

 काले घनों ने ये कहा 


 लो सींच लो अपने तपित

 पीड़ित बदन को 


प्राण दूँ मैं फूँक तेरी 

सूखी जड़ों में 


लो बाँध लो मुझको जकड़ कर 

अपनी बाहों में जरा  


फिर न जाने कब कहाँ 

ये खूबसूरत मुलाकात हो 


  फिर न जाने कब कहाँ

ले जाए ये पागल पवन 


और वीराने में कहीं 

झूम कर बरसात हो


फिर न कहना मुझको कपटी 

न किया आगाह तुम को 


आज हूँ मैं तेरे दर पर 

कल कहाँ हूँ क्या पता है 


मैं तो हूँ तेरा ही प्रियतम 

डोर पकड़ी है पवन ने 


क्या करूँ मजबूर हूँ मैं 

पवन से ताउम्र बंधन। 

सुमन 22/5/26