मेरी यादों को न मिटाओ,
मुझे यूँ न खत्म करो—
करना है तो उस दर्द को करो
जो धागे-धागे में सिला है।
मैंने उसे खामोशी में जिया है,
तूफानों को मुस्कुराकर सहा है—
किसी ने देखा नहीं उसे,
बस भीतर ही रहा है।
मुझे जीने दो मेरी उस दुनिया में,
जहाँ प्यार की परिभाषाएँ नहीं होतीं,
दिलों को ढोंग रचाना नहीं पड़ता,
भरोसा कभी कमजोर नहीं होता।
जहाँ सत्य अधूरा नहीं होता,
दंभ शोर नहीं मचाता,
शालीनता मुखौटा नहीं बनती,
और आत्मा—मानवता का वेश नहीं पहनती।
प्रश्न उठता है मन में ,
क्या ऐसी दुनिया इस धरती पर है?
शायद नहीं…
तब जाना— मेरा दिल ही वो जगह है,
जहाँ अब भी स्वर्ग बसता है।