पहचान बनकर हर शक्स की
वजूद का अंश बने
हसरतों की अपनी चिता जला
परिवार का आधार बने
खून पसीना अपना बहाकर
घर की छत दीवार बने
जिंदगी में हमारी बहार बनकर
खुशियों का जहां बने
कांधे पे अपने बैठाकर
निस्वार्थ बेपनाह प्यार किया
धूप में जलकर, छांव में रखा
हर फरमाईश को पूरा किया
दफ़नाकर अपनी ख्वाहिशें
अपना सर्वस्व न्योछावर कर
उम्र के कई पड़ाव हमपर खर्च किया
जताना आता नहीं प्यार उन्हें
खामोशी से सफ़र के राही बने
जब कभी गलत राह पे चले
तो सही रास्ता हमें बतलाया
हार ना जाए कभी मुश्किल घड़ी में
धैर्य से हौसला हमारा बढ़ाया
गुस्सा होते हुए भी
हर गलती को माफ़ किया
संघर्ष... इतना किया
लेकिन कभी जाहिर ना होने दिया
दुनियां की सारी खुशियां देकर
खुदके लिए काटे का बिछौना चुना
चेहरे पर अपने कभी
सिलवटें शिकन की ना पड़ने दी
खुदके लिए ना कभी कुछ चाहा
ना कभी कुछ मांगा खुदा से
बस, उज्ज्वल भविष्य की दुआ की।
- सुमन मीना (अदिति)

