मतदान का चिह्न - स्याही की लकीर


लोकतंत्र की शान है,

हर भारतीय का गुमान है,

नस-नस में बसती

सभ्य-संस्कृति की

पहचान है---

वो काली स्याही की नन्ही लकीर जो

मेरे दाएं हाथ की पहली उंगली पर विराजमान है|

देखने में भोली है---ये लकीर!

उंगली पर सजे तो मुझे सरकार बनाने वाला खास बनाती है---

न सजे तो नसीब भरोसे बैठने वाला आम!

नक्शे पर खिंचे तो देश की सीमा!

जमीन पर खींचे तो जायदाद की!

दिल पे खींचे तो रिश्तों की और दिमाग पर खिंचे तो ज्ञान की!

उम्र के पड़ाव पर बने तो बचपन को जवानी से और बुढ़ापे को नादानी से अलैदा करती है,

माथे के बीचों -बीच खींचे तो तजुर्बों का प्रमाण बनती है,

जो भवों के बीच खींचे तो परेशानियों का!

कभी तिलक, कभी बाजू पर गुदा हुआ फरमान बनती है,

सरकार बनाती और गिराती है स्याही की ये लकीर!

ये अपने ही रास्ते चलती है,

इसे आपसे या किसी और से कुछ लेना देना नहीं,

अपने ही मौज में , अपने ही रास्ते पर खींची चली जाती है लकीर,

आप इसे न रिझा सकते हैं न मना सकते हैं और न ही ये कभी खफा होती है आपसे---

अपनी ही मर्जी की है, अपनी ही धुन में बढ़ती है,

जो आप सोचें ये आपके नफे के लिए है---तो आप सौ फीसदी ठीक हैं---

जो आप सोचें ये आपके नुकसान में है ,

तो भी आप सौ फीसदी ठीक हैं---

नफा-नुकसान, सही-गलत, सच-झूठ ,दिन-रात ---

एक ही सिक्के के दो पहलू ---एक ही लकीर से अलग हुए---

आप कौन सा पहलू देखते हैं---वही आपका सच है---वही सच है!

क्योंकि ---तत्वम् असि !

स्याही की लकीर ---

मेरे दाएं हाथ की पहली उंगली पर खिंची,

याद दिलाती है,

अहं ब्रह्मास्मि---

मेरी उंगली पर लगी काली स्याही की लकीर ---

मेरी ही सरकार बनाती है!

-सुधा पुरी