उनका यूँ आना, पल में छू मंतर हो जाना
मेरे दिल को लुभाना, मेरी नींदों को उड़ाना
मेरे ख़्वाबों को जगाना, कुछ सपने दिखाना
छत पर बैठ संग मेरे ,मुझे भी तारे गिनाना
फिर थोड़े ही वक्त में उसका चला जाना
इक बार फिर मुझे वही अधूरा छोड़ जाना।
मुलाक़ात पूरी ही होती कि शाम हो गई
घर जाने की ख़ातिर जो वो तैयार हो गई
मेरी शाल लपेट वो कुर्सी से खड़ी हो गई
छलके जब आँसू उसकी भावनाएँ बह गई
शायद उसकी भी कुछ बातें अधूरी रह गई
दिल में छुपा कर उनको वो मुझसे कह गई।
मैं हमेशा के लिए थोड़ी जा रही हूँ दूर
मैं भी हूँ इस वक्त पर थोड़ा सा मजबूर
मेरा अतीत बन चुका है मेरे लिए नासूर
हालातों को मेरे गर तुम कर सको मंज़ूर
आऊँ पास तुम्हारे कोशिश करूँगी भरपूर
झूठे वादे कर तुम्हें नहीं करना चाहती चूर।
मेरे हाथों को पकड़ उसने पास बुलाया
अपने सिर को मेरी कमर से टिकाया
बाहर आसमानों को देख उसने बताया
एक डर है अंदर उसको बहुत सताया
झूठे वादों ने था उसको हमेशा रुलाया
साथ निभाने का क़सम सब ने भुलाया।
रात के क़रीब साढ़े ग्यारह बज रहे थे
हम उनको घर उनके छोड़ने जा रहे थे
सन्नाटे रस्ते में वो कुछ गुनगुना रहे थे
एक हम थे जो उनसे बिछड़े जा रहे थे
हाथ उनका पकड़ने को छटपटा रहे थे
लेकिन भावों को अपने हम छुपा रहे थे।
आ गया घर और वो अंदर चले गए
कुछ क़िस्से फिर से अनकहे रह गए
उनको गले लगाने को सोचते रह गए
खुद को बार बार हम रोकते रह गए
वो अपने और हम अपने ओर चले गए
अधूरी मुलाक़ात को वो नया रूप दे गए।
