मैं कौन हूँ?
क्या मैं ये रूप हूँ या ये काया
या मैं वो कण हूँ जो मेरे भीतर समाया?
क्या मैं वो भाव हूँ जो मैं कह नही पाया
या मैं वो क्रिया हूँ जो नज़र में न आया?
क्या मैं वो पेड़ की छाँव हूँ
जिसके नीचे मैंने घर बनाया
या मैं हूँ वो डाली
जिसपर सफ़ेद फ़ूल खिल आया?
क्या मैं वो बूंद हूँ समंदर की
जिसको छू कर मछली तैरी है
या मैं चक्रवात हूँ उसका
जो उसके कलेजे में ठहरी है?
क्या मैं ये न मानू कि मैं सूर्य की किरण हूँ
या चाँद हूँ आकाश का, सूर्य का ग्रहण हूँ?
मैं क्या हूँ, क्यों हूँ, आखिर मैं कौन हूँ?
जीवन की तरंग हूँ या अंधकार का मौन हूँ?
प्रेम ढूंढ रहा मैं या खुद प्रेम से भरा?
जब तू खुद तू नही,
मैं खुद में मैं नहीं..
तो क्या तेरा और क्या मेरा?
क्या मैं वो जल नहीं जिसका रूप अनूप है
कभी बादल कभी निर्झर, बर्फ़ जहाँ न धूप है..
क्या मैं वो अंधकार नहीं जिसमे कई ब्रह्मांड समा गए
कितनी बार उसके अंश मुझे ये अनुभूति करा गए
मैं वो जय भी हूँ विजय भी, मस्तिष्क भी हृदय भी
कुछ नहीं भी मैं ही हूँ, सब कुछ भी, समय भी...
ब्रह्मांड मेरे बाहर भी है, कई संसार मेरे अंदर भी
जीवन भी मैं, मृत्यु भी मैं, एवम मृत्यु का भय भी.....
लोभ, काम, पीड़ा, द्वेष, मेरे निर्जीवन के अंश हैं
प्रेम, आदर, सत्कार, ध्यान, मेरे जीवन के वंश हैं...
इन शब्दों में समा जाऊँ मैं, इतना छोटा अस्तित्व नहीं
और इतना सूक्ष्म हूँ जहाँ किसी का स्वामित्व नहीं...
कितने रूप बदल के भी मैं सब में ही समा रहा
मैं सारा जीवन इस स्मृति में ही घिरा रहा...
कि मैं मैं हूँ, ये नहीं न वो हूँ
फ़िर भी प्रश्न बना रहा कि आख़िर मैं कौन हूँ?
