उस जीवन से क्या मोह करें
जिसे जीने की फुर्सत ना मिली
क्या मोह हमें उस दुनिया से
जहाँ ख्वाबों को इज़्ज़त ना मिली
क्यूँ नाता रखूं वादों से
जो सिर्फ मुझे ही याद रहे
या वादा रखूं नातों से
जो मतलब को बस साथ रहे
क्यूँ हृदय की सारी करुणा का
तर्पण ना कर दूँ नालों में
क्यूँ सही गलत की दुविधा में
मैं उलझा रहूँ सवालों में
जैसा मुझको गढ़ना चाहा
क्यूँ वैसा ना गढ़ जाऊँ मैं
मोह-प्रेम की लाश पे चढ़कर
अब आगे बढ़ जाऊँ मैं