जब पीने का पानी हर घर तक भेजा जाएगा
जब कोई आदमी देश में भूखा न मर पाएगा
जब सारा देश मिलकर शांति गीत को गाएगा
तब देश आज़ाद कहलाएगा
मेरा देश आज़ाद कहलाएगा
जब समानता लाने को सब जाति बंधन टूटेंगे
हर मज़हब हर धर्म भी मानवता से पीछे छूटेंगे
जब न्याय से वंचित होगा न कोई भी फरियादी
न किसी के सितम सहेगी ये कमज़ोर आबादी
जब ज़ाति के नाम पर न कोई किसी को सताएगा
तब देश आज़ाद कहलाएगा
मेरा देश आज़ाद कहलाएगा
जब देश की समृद्धि को पूंजीपतियों से न मापेंगे
रिश्वत लेते वक्त सभी के हाथ शरम से कापेंगे
गरीब आदमी को कोई न ओछी नज़र से देखेगा
बेसहारा की मजबूरी से न कोई मुख को मोड़ेगा
जब नाला साफ करने वाला भी देशभक्तों में आएगा
तब देश आज़ाद कहलाएगा
मेरा देश आज़ाद कहलाएगा
जब राजनीति की नीति में ईमानदारी ज़रा सी जागेगी
और पैसा , रुतबा छोड़कर जनता सेवा में भागेगी
जब जनता से छल करना एक बड़ा अपराध होगा
वादे करके भूल जाना न किसी तरह से माफ होगा
जब समाज अपने बीच से अच्छा नेता चुन कर लाएगा
तब देश आज़ाद कहलाएगा
मेरा देश आज़ाद कहलाएगा
झोपड़ में रहने वालों को ‘विश्वगुरु’ से क्या करना
रोटी न जाती जिस तन में गर्व से उसको क्या भरना
दुनिया में देश का नाम हो या पाकिस्तान मिट जाए
महंगाई से परेशान नागरिक इसकी चिंता क्यों लाए
जब नफ़रत छोड़कर न्यूज एंकर आम जनता की बात बताएगा
तब देश आज़ाद कहलाएगा
मेरा देश आज़ाद कहलाएगा
– शुभम लालपुरी
