यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः ॥

यत्रैतास्तु न पूज्यन्ते सर्वास्तत्राफलाः क्रियाः ॥

(जहाँ स्त्रियों की पूजा होती है वहाँ देवता निवास करते हैं और जहाँ स्त्रियों की पूजा नहीं होती है, उनका सम्मान नहीं होता है वहाँ किये गये समस्त अच्छे कर्म भी निष्फल हो जाते हैं)

मनुस्मृति में वर्णित यह श्लोक तभी सार्थक सिद्ध हो सकता है है जब पुरूष अपने विचारों का भार स्त्रियों पर थोपने से पहले यह सुनिश्चित करने का प्रयास करे की स्त्री का मन चाहता क्या है। हमेशा स्त्री को पुरुषों से कमतर ही समझा गया है। जहां तक का इतिहास लिखित साक्ष्यों से विदित है उससे यही पता चलता है कि पितृसत्ता के समर्थकों ने स्त्री के मन को अपने अधिकतम बल से कुचलने का संपूर्ण प्रयास किया है। स्त्रियों को लेकर समाज में दुर्भावना भी बहुत अधिक है, एक तरफ तो हम स्त्री को पवित्र मानते है और अधिकांश कार्यों का श्री गणेश उनके हाथों से करवाना चाहते हैं और दूसरी तरफ हमें जब भी अवसर मिलता हैं अपने विचारों का ताना-बाना बुन कर स्त्री को उसकी मर्यादा का भान करवाने लगते है। सबसे प्राचीन सभ्यता होते हुए भी हमारा समाज स्त्रियों को सम्मान में वह स्थान देने में असफल रहा है जिसके योग्य वह होतीं हैं। हजारों वर्षों पहले विवाह की एक प्रथा प्रचलित थी - "स्वयंवर"। आप चिंतन कर के देखिए कि क्या वह स्त्री चिंतित नहीं होती होगी जिसका स्वयंवर होना था। जीवन के उस क्षण में उसे ऎसा प्रतीत होता रहा होगा जैसे वह किसी वस्तु के समान है और स्वयंवर की शर्तों को जिस किसी ने भी पूर्ण किया वह उसी का वरण करेगी। इस तरह की प्रथा जब राजघरानों में फलफूल रही थी तो उस समय के समाज का चित्रण भी आसानी से किया जा सकता है। स्त्री के अस्तित्व से ही इस संसार में आने वाला बच्चा एक दिन पुरुष बनकर किसी और स्त्री पर अपना आधिपत्य बनाए रखना चाहता है, इसी बात की कड़वाहट स्त्रियों के मन में थी, है और तब तक रहेगी जब तक यह समीकरण बदल नहीं जाता। किसी भी स्त्री के मन को जाने बिना कुछ करने को कहना ठीक उसी भांति है जैसे एक पंक्षी को कैद कर के पिंजरे में रखना।

पंक्षी पिंजरे में रहता जरूर है मगर उसे स्वछंद नीले आकाश में उड़ना और हवाओं संग बातें करना अधिक प्रिय होता है। वह कितना आकर्षक दृश्य होता है जब गोधूलि बेला में समूचा आकाश रात के आगोश में प्रवेश करता है और पंक्षियों का एक झुंड उसी आकाश में कलरव गीत गाते हुए अपने-अपने घोंसलों में वापस लौटता है।

किसी भी परिस्थिति में बदलाव धीरे-धीरे आता है और 21 वीं सदी में स्थिति कुछ ठीक होती नजर आ रही है। लेकिन स्वच्छंदता को भी सीमाओं की आवश्यकता होती है। फिर भी किसी को कुछ आचारण और संस्कार सीखा कर स्वच्छंदता दे दी जाए तो वह एक कदम भी उन नियमों के विरुद्ध नहीं उठायेगा लेकिन इसका यह अर्थ नहीं है कि नियमों के निर्माण में स्त्री और पुरुष को लेकर असमानता हो।असमानता ही वह पौष्टिक तत्व है जो संकीर्ण मानसिकता को संतुलित आहार प्रदान करता है।

समूचे संसार में त्याग की परिभाषा सबके लिए अलग अलग है। अगर अवरोही क्रम में त्याग को सूचीबद्ध किया जाये तो स्त्री के त्याग को प्रथम स्थान की संज्ञा देना न्यायोचित है। क्योंकि अपने माता-पिता, जन्मस्थान और घर का त्याग कर ऐसे परिवार में चले जाना और वहां पहुँचकर सबको उतना ही अपनत्व देना जितना जन्म से पाया है यह त्याग अपने आप में महान है। एक क्षण के लिए हम इस त्याग में स्त्री के स्वंय का घर परिवार, संतान सुख, जीवनसाथी के प्रेम इत्यादि का स्वार्थ देख भी ले फिर भी इस बात को झुठला नहीं सकते कि पुरूष हार और जीत दोनों में स्त्री को ही तलाशता है फिर चाहे वो मां हो बहन हो पत्नी हो या प्रेयसी....

- - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

श्रीवास्तव गौरव