दुनिया की बातें जब फरेब लगने लगे

दिन बीतता ना हो बस कट जाता हो

रातें भोर तलक आंखों में जगे और पलकें ना झुके

चारों तरफ अमावस सा घनघोर अंधेरा हो

मन में पल-पल सपनों का आना-जाना हो

सावन में भी मन पतझड़ का दीवाना हो 

ठंडी हवाओं की शीतलता देह में सिहरन छोड़ जाती हो 

चांदनी को देख कुछ पुरानी यादें मन में आती हो 

इन सब में जिम्मेदारियों का बोझ हर तरफ से ध्यान हटाता है

उंगली पर दिन गिनवा कर किताबों की तरफ हाथ बढ़ाता है

याद रहे प्रारब्ध सदा और लक्ष्य पर दृष्टि हो 

पांव कभी ना डगमग हो चाहे कितनी ओलावृष्टि हो 

जीवन का यह पावन क्षण निर्णायक होने वाला है 

यह खग्रास ग्रहण हटेगा और उजाला होने वाला है 


- - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - -


-श्रीवास्तव गौरव