रात ही अगर कट जाती, तो ग़म ना होता,

एक सुबह और आ जाती, तो ग़म ना होता,

पर क़िस्मत के आगे हर कोई कामयाब तो नहीं,

एक ज़िन्दगी और मिल जाती, तो ग़म ना होता।


मेरी आवाज़ भर निकल जाती, तो ग़म ना होता,

छुपी हुई बात उभर आती, तो ग़म ना होता,

ना कटती इस हताशा में ज़िन्दगी मेरी,

अगर तकरार सुलझ जाती, तो ग़म ना होता।


सूने गुलशन में बहार आ जाती, तो ग़म ना होता,

सावन की फुहार आ जाती, तो ग़म ना होता,

खिले-खिले से मिलते सारे फूल बाग़ के,

वो बाग़वान बन के आ जाती, तो ग़म ना होता।


एक बार नज़र पड़ जाती, तो ग़म ना होता,

एक आस पूरी हो जाती, तो ग़म ना होता,

जिसके इन्तज़ार में बेसुध फिरा मैं सदियों,

वो चाह मयस्सर हो जाती, तो ग़म ना होता।


खैर ग़म ही ना मिल पाते, तो फिर ग़म ही कैसे होता,

जीवन जो इतना लम्बा है वो कम ही कैसे होता,

कैसे मिलता कोई कारण ही इस ग़म को लिख पाने का,

उनकी आँखों का किनारा भी, नम ही कैसे होता।


- सौरभ जी.